Road Accident Pauri Garhwal : पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण ब्लॉक में शनिवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। बुंखाल मेले से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा हादसे की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारीके मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं की कार बुंखाल से पैठाणी की ओर लौट रही थी। अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम ने गहरी खाई में उतर कर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान वीरेंद्र पुत्र सरदार सिंह (23) और संतोष सिंह पुत्र रघुवीर सिंह (35), दोनों निवासी ग्राम टीला, पैठाणी के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में सोहन सिंह, वीरेंद्र सिंह और सिताब सिंह शामिल हैं। इनमें वीरेंद्र सिंह और सिताब सिंह रुद्रप्रयाग जिले के रहने वाले बताए गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
थलीसैंण थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रथमतः माना जा रहा है कि खराब रोशनी और सड़क पर फिसलन हादसे की वजह हो सकती है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं ग्राम टीला और आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है।



