पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जनपद के विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम पंचायत थैर की ग्राम प्रधान श्रीमती दीक्षा देवी ने ग्राम सभा में संचालित विकास कार्यों को लेकर स्पष्ट किया है कि सभी कार्य शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यरत महिलाओं एवं पुरुषों को उनकी मेहनत के अनुसार, नियमानुसार मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है।

ग्राम प्रधान ने बताया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी स्वार्थ के चलते अधिकारियों पर दबाव बनाकर मजदूरी रुकवाने तथा शिकायत की धमकी देने का प्रयास किया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बिना कार्य किए किसी को भुगतान नहीं किया जाएगा, वहीं जो श्रमिक वास्तविक रूप से कार्य कर रहे हैं, उनका पारिश्रमिक किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा।

श्रीमती दीक्षा देवी ने कहा कि ग्राम पंचायत थैर गांव के समग्र विकास, आपसी एकता और भाईचारे के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की धमकी या अनावश्यक दबाव से विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे। आवश्यकता पड़ने पर विधिसम्मत कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने ग्रामवासियों से सहयोग और सहभागिता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।