श्रीनगर: राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल स्थित ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. सतीश कुमार के सेवानिवृत्त होने पर मेडिकल कॉलेज परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अस्पताल परिसर भावनाओं से सराबोर रहा और उनके दीर्घ, समर्पित तथा निस्वार्थ सेवा कार्यों को याद किया गया।

डॉ. सतीश कुमार ने वर्ष 1992 में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, भागलपुर से एमबीबीएस तथा वर्ष 1997 में पटना मेडिकल कॉलेज से पैथोलॉजी में एमडी की उपाधि प्राप्त की। उनकी सार्वजनिक सेवा की शुरुआत सहायक आचार्य के रूप में किशनगंज मेडिकल कॉलेज से हुई। इसके पश्चात वर्ष 1998 में उनका स्थानांतरण दूरस्थ जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ हुआ, जहाँ उन्होंने वर्ष 2005 तक अपनी सेवाएं दीं।

पिथौरागढ़ में रहते हुए डॉ. सतीश कुमार ने जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक की स्थापना कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इसके बाद हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय बेस चिकित्सालय श्रीनगर गढ़वाल में भी उन्होंने रक्तकोष की स्थापना कर उसे आधुनिक स्वरूप प्रदान किया। आज इस ब्लड बैंक से गढ़वाल मंडल के चार जिलों के मरीज लाभान्वित हो रहे हैं और प्रतिवर्ष तीन हजार से अधिक यूनिट रक्त जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जाता है। वर्तमान में यह प्रदेश के श्रेष्ठ ब्लड बैंकों में गिना जाता है।

समाज में रक्तदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने में भी डॉ. सतीश कुमार का योगदान उल्लेखनीय रहा। श्रीनगर गढ़वाल में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्वयं 21 बार रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

डॉ. सतीश कुमार ने वर्ष 2012 से 2014 तक बेस चिकित्सालय श्रीनगर गढ़वाल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी निस्वार्थ सेवाओं और पेशेवर प्रतिबद्धता के लिए उन्हें समय-समय पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और संगठनों द्वारा सम्मानित किया गया।

विदाई समारोह में अपने उद्बोधन में डॉ. सतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने अस्पताल में एक अधिकारी से अधिक एक अभिभावक और बड़े भाई की भूमिका निभाने का प्रयास किया। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को पूरे मनोयोग और समर्पण से करना चाहिए। इस भावनात्मक आयोजन के लिए उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनिता रावत, वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत ने उनके योगदान की सराहना की। संयुक्त अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विमल गुंसाई ने गढ़वाली गीत गाकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन सचिन फोदणी ने किया।

कार्यक्रम में ब्लड बैंक की एचओडी डॉ. दीपा हटवाल, डॉ. दीपक डिमरी, डॉ. सी.एम. शर्मा, डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. सुरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. मोहित कुमार, डॉ. विक्की बख्शी, डॉ. शिबा राणा, डॉ. वंदना, डॉ. ए.एन. पांडेय, डॉ पार्थ दत्ता, सहित ब्लड बैंक के समस्त कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।