Dr. Vikram Singh Negi top scientists of the world

पौड़ी गढ़वाल: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीजीआर परिसर पौड़ी) के वनस्पति विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह नेगी ने गढ़वाल विश्वविद्यालय के साथ ही पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।  डॉ. विक्रम सिंह नेगी ग्लोबल टॉप साइटिंस्ट की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। उन्हें अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी, कैलिफ़ोर्निया द्वारा जारी वर्ष 2025 की वैश्विक सूची में विश्वभर के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की लिस्ट में शामिल किया गया है।

डॉ. विक्रम नेगी मूलरूप से उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ प्रखंड के कौब गांव निवासी हैं। उन्होंने 12वीं कक्षा तक की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, चमोली से प्राप्त की। इसके बाद स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की पढ़ाई एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय से पूरी की।

डॉ. नेगी ने वर्ष 2024 में एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय, बीजीआर परिसर पौड़ी से जुड़ने से पहले लगभग दो दशकों तक जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में शोधकर्ता और वरिष्ठ वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने हिमालयी पारिस्थितिकी की जटिलताओं को समझने, उसे संरक्षित करने और विकास की राह दिखाने के लिए अनवरत प्रयास किए। उनका शोध कार्य जैव विविधता संरक्षण व प्रबंधन, पुनरुद्धार पारिस्थितिकी, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता निगरानी, औषधीय पौधों की खेती व संरक्षण तथा पर्यावरण शिक्षा जैसे विषयों पर केंद्रित रहा है। डॉ. विक्रम नेगी ने अब तक 174 वैज्ञानिक प्रकाशन किए हैं। इनमें 105 शोध पत्र, 29 पुस्तक अध्याय, 12 ग्रंथ एवं प्रशिक्षण मैनुअल, 26 लोकप्रिय वैज्ञानिक लेख और 2 पुस्तकें शामिल हैं।

डॉ. नेगी ने हिमालयी पारस्थितिकी तंत्र के सतत विकास के लिए राष्ट्रीय मिशन पर भी काम किया। उन्होंने कैलाश सैक्रेड लैंड स्केप संरक्षण और विकास पहल पर भी कार्य किया है, जो चीन, नेपाल और भारत के बीच एक सहयोगात्मक अंतरराष्ट्रीय परियोजना है। डॉ. विक्रम नेगी को 106वें भारतीय विज्ञान कांग्रेस में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार, चीनी विज्ञान अकादमी में अंतर्राष्ट्रीय शोध फेलोशिप, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, नई दिल्ली द्वारा फास्ट ट्रैक युवा वैज्ञानिक पुरस्कार और उत्तराखंड राज्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा 7वीं राज्य विज्ञान कांग्रेस में युवा वैज्ञानिक पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

डॉ. नेगी के कार्यों को समय-समय पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है।

  • भारतीय विज्ञान कांग्रेस (2019) में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार।
  • चीनी विज्ञान अकादमी (2014) की अंतर्राष्ट्रीय शोध फेलोशिप।
  • विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, नई दिल्ली (2013) से फास्ट ट्रैक युवा वैज्ञानिक पुरस्कार।
  • यूकोस्ट (2012) द्वारा युवा वैज्ञानिक पुरस्कार।