thapli-gaon-me-lagi-aag

पौड़ी: पौड़ी गढ़वाल के पाबौ चौकी क्षेत्र से एक दुखद खबर आई है। यहाँ थापली गांव में कल देर रात एक मकान में आग लग गयी। आग की चपेट में आने से घर में रह रहे बुजुर्ग दंपती की जलकर मौत हो गई। घटना सोमवार रात्रि करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आग पर काबू पाकर दोनों को घर से बाहर निकाला। जिन्हें जिला चिकित्सालय लाया गया है। लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस चौकी पाबौ से मिली जानकारी के मुताबिक रात्रि को ग्राम प्रहरी ने सूचना कि गांव थापली के एक मकान में आग लगी है। सूचना मिलने पर जब तक बचाव दल थापली गांव पहुंचा तब तक काफी देर हो चुकी थी। बचाव दल ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया। लेकिन आग बमुश्किल नियंत्रित हो पाई। भवन लकड़ी और पठाल का होने के चलते आग काफी भड़क चुकी थी। जिसके चलते मकान में रह रहे बंदूर लाल (88 वर्ष) तथा उनकी पत्नी गोदांबरी देवी (82 वर्ष) आग की चपेट में आ गए। बताया कि दोनों के बुरी तरह से झुलस जाने से मौत हो गई। बताया गया है कि आग की चपेट में आने से बुजुर्ग दंपति बंदूर लाल (88 वर्ष) 100% और गोदावरी (82) 90% जल चुके थे।

उन्होंने बताया कि घर में दोनों दंपती अंकेले ही रहते थे। मकान पुराना है तथा घर में काफी सूखी लकड़ी भी रखी गई थी। चूल्हें की आग के फैलने के कारण आग लगना माना जा रहा है।