पौड़ी: राजकीय शिक्षक संघ अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन के तहत जहां शासन-प्रशासन पर दबाव बनाए हुए है, वहीं संगठन की मजबूती के लिए नई ब्लॉक कार्यकारिणियों के गठन की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को विकासखंड द्वारीखाल में शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी/अधिवेशन एवं नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जनरल बिपिन रावत सभागार में रा0शि0स0 जनपद शाखा एवं विकासखंड शाखा के तत्वावधान में हुआ। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र सिंह नेगी एवं विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी प्रतिनिधि चौधरी की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज द्वारीखाल की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गान से हुआ।

प्रथम सत्र में शैक्षिक उन्नयन पर वक्ताओं ने नई तकनीक को शिक्षण में शामिल करने और भविष्य उन्मुख योजनाएं बनाने पर जोर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी नेगी ने द्वारीखाल ब्लॉक के शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और शिक्षकों का आह्वान किया कि वे केवल सिलेबस तक सीमित न रहकर शिक्षा को जीवन का हिस्सा बनाएं।

द्वितीय सत्र में कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। अध्यक्ष पद पर राजीव थपलियाल और मंत्री पद पर राजीव कंडवाल विजयी रहे। उपाध्यक्ष (पुरुष) पद पर विवेक, उपाध्यक्ष (महिला) पद पर चंद्रकला शर्मा, संयुक्त मंत्री (पुरुष) प्रत्यंकुर टांक, संयुक्त मंत्री (महिला) गीता शर्मा तथा आय-व्यय निरीक्षक पद पर प्रदीप नेगी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

इस अवसर पर जिला मंत्री विजेंद्र सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार काला, पूर्व प्रांतीय संयुक्त मंत्री योगेश घिल्डियाल, गढ़वाल मंडल कोषाध्यक्ष राजेश भट्ट, जिला प्रवक्ता विनय रावत सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह रावत ने किया।

निवर्तमान कार्यकारिणी को उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। निर्वाचन अधिकारी किशोर डोबरियाल एवं रमाकांत डबराल ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया। नई कार्यकारिणी से अपेक्षा जताई गई कि वह शिक्षक व छात्र हितों में पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।