ऋषिकेश: पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश के बीच रुद्रप्रयाग और श्रीनगर बांध से पानी छोड़े जाने अलकनंदा एवं गंगा नदी उफान पर आ गई हैं। श्रीनगर में लगातार अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। आज अलकनंदा नदी वॉर्निंग लेवल पर बह रही है। अलकनंदा नदी का जलस्तर 535.10 मीटर पर है। जिससे देवप्रयाग, ऋषिकेश, हरिद्वार में भी गंगा नदी के जलस्तर पर असर पड़ रहा है। ऋषिकेश में गंगा नदी घाटों से ऊपर बहने लगी है। रविवार को गंगा चेतावनी रेखा 339.50 से पांच सेमी ऊपर 339.55 मीटर बहने से लोगों में हड़कंप मचा रहा।
रविवार को लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, मुनि की रेती, त्रिवेणी घाट, श्यामपुर और रायवाला क्षेत्र में गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया। गंगा नदी घाटों से ऊपर बहने लगी। त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी आरती स्थल से ऊपर बह रही थी। गंगा का जलस्तर बढने पर केंद्रीय जल आयोग ने ऋषिकेश और मैदानी क्षेत्र के लिए अलर्ट जारी किया। स्थानीय प्रशासन ने तटीय इलाकों में मुनादी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए है। हालाँकि शाम पांच बजे बाद गंगा चेतावनी निशान से एक मीटर नीचे बहने लगी। जिस पर प्रशासन को राहत मिली। गंगा नदी का जलस्तर बढने से जुडी अन्य नदियां भी उफान पर आ जाती हैं। जिससे सौंग नदी का जलस्तर बढने के कारण गौहरीमाफी गांव में बाढ की संभावनाएं अधिक हो जाती है। इसके लिए तटीय ईलाकों में बसे लोगो को प्रशासन की ओर से अलर्ट भी किया गया है।
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का डिस्चार्ज सुबह साढ़े 7 बजे 2500 क्यूमेक्स के निशान को छू गया। प्रवाह लगातार बढ़ता रहा। नदी का बढ़ा हुआ डिस्चार्ज सुबह 8.30 बजे तक श्रीनगर बांध तक पहुंच गया। भारी मात्रा में कचरा और तलछट जलाशय में पहुंचने लगा। कचरा और तलछट हटाने के लिए जलाशय से 2000-3000 क्यूमेक्स पानी ऋषिकेश के लिये छोड़ा जाने लगा। जिस पर केंद्रीय जल आयोग ने ऋषिकेश के तटीय इलाकों में मुनादी करनी शुरू कर दी। लोगों को दोपहर बाद तटीय इलाकों में न जाने को कहा गया। जबकि हरिद्वार को पानी बढ़ने की सूचना जारी कर दी गई। दोपहर करीब 1 बजे छोड़ा गया पानी ऋषिकेश पहुंचने लगा। जलस्तर बढ़ने पर त्रिवेणीघाट समेत आसपास के स्नानघाट जलमग्न हो गये। एसडीएम ऋषिकेश सौरभ असवाल ने बताया की रुद्रप्रयाग और श्रीनगर बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना पर तटीय इलाकों में बसे लोगों को अलर्ट कर दिया गया। गंगा घाट पर स्नान करने से रोक लगा दी गई। शाम के समय गंगा का जलस्तर कम हो गया।
प्रशासन ने मुनादी कर किया अलर्ट
गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने मुनादी कर लोगों का अलर्ट किया। एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि गंगा किनारे सभी संवेदनशील स्थानों पर टीम तैनात करने के साथ ही मशीनें भी तैनात की गई हैं। गंगा के जल स्तर बढ़ने की संभावना पर लोगों को गंगा किनारे न जाने के लिए कहा गया है। लोगों को सुरक्षा के लिए एहतियात बरतने को भी कहा गया है।