राजकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय पंचुर, कोट ब्लॉक की विज्ञान शिक्षिका श्रीमती आशा नेगी का स्थानांतरण राजकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय छतकोट, पौड़ी गढ़वाल में होने के फलस्वरूप विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित विदाई समारोह कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक देवेंद्र सिंह बिष्ट, शिक्षिका उषा रौथान, जयंती, पूजा, एसएमसी अध्यक्ष मदन सिंह रावत, गणेशी देवी, भोजनमाता धनेश्वरी देवी, विमल सिंह, राजेंद्र सिंह कठैत आदि ने माल्यार्पण कर एवं उपहार भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

एसएमसी अध्यक्ष मदन सिंह रावत ने श्रीमती आशा नेगी को एक विद्वान शिक्षिका एवं कुशल प्रशासक बताया। उन्होंने कहा कि पंचुर में की गई 20 वर्ष की सेवा में से लगभग 9 वर्ष उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापिका के रूप में कार्य किया और छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास किया। शिक्षिका श्रीमती पूजा ने आशा नेगी को व्यवहार कुशल एवं मृदुभाषी शिक्षा बताया। इस मौके पर अभिभावक श्रीमती प्रतिमा, विमल रावत आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने श्रीमती आशा नेगी को एक परिश्रमी एवं कर्तव्यनिष्ठ शिक्षिका बताते हुए उनसे आग्रह किया कि विद्यालय को जब भी उनकी सेवाओं की आवश्यकता पड़ेगी, वे अवश्य हमारा सहयोग करेंगी।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं पूर्व छात्रों ने कहा कि आशा नेगी मैडम उनको बहुत ही परिश्रम से पढ़ाती थी। छात्र/छात्राओं के प्रति उनका व्यव्हार अपनत्व वाला था।

अपनी विदाई के अवसर पर श्रीमती आशा नेगी ने सर्वप्रथम विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रीय जनता का इस तरह के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। तथा कहा कि राजकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय पंचुर एवं यहां की जनता उनके लिए बहुत ही शुभ फलदाई रही। इस विद्यालय में सेवा काल की बीच में ही उनके जेष्ठ पुत्र डॉ. अनिरुद्ध नेगी ने एमबीबीएस किया एवं चिकित्सक नियुक्त हुए। तथा कनिष्ठ पुत्र आयुष नेगी बीटेक कर इंजीनियर बना। वह इस विद्यालय एवं यहां की जनता की आजीवन आभारी रहेगी तथा यहां बिताए गए पल अविस्मरणीय रहेंगे। विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रीय जनता सभी ने उन्हें भावुक होकर अश्रुपूर्ण विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने किया।