पौड़ी: हिमालय क्रांति पार्टी ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड कलजीखाल के कांसखेत में पार्टी सुभाष कुकरेती की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की। बैठक में प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह बिष्ट ने उपस्थित जनसमूह और कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीति से अवगत कराते हुए बताया कि  एक परिवार एक रोजगार, मूल निवास पुनः लागू करना, सशक्त भू कानून लागू करना और उत्तराखंड की राजधानी जनभावनाओं के अनुरूप स्थापित करना हिमालय क्रांति पार्टी का विजन है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की जनता एक उचित राजनैतिक विकल्प की तलाश में थी जो कि अब हिमालय क्रांति पार्टी के रूप में पूरी हो गई है। कहा कि लोग हिमालय क्रांति पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर तेजी से हिमालय क्रांति पार्टी से जुड़ रहे हैं। प्रदेश महासचिव बिष्ट ने बताया कि 31 दिसंबर तक हर हाल पूरे प्रदेश में विद्यान सभा, जिला और प्रांत स्तर तक संगठन का गठन कर लिया जायेगा। वर्तमान में यह प्रक्रिया गतिमान है।

इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष सुभाष कुकरेती ने कहा कि हिमालय क्रांति पार्टी का विजन घर-घर पहुंच रहा है। लोग धीरे- धीरे पार्टी की विचारधारा से जुड़ने भी लगे हैं। आने वाले समय में हिमालय क्रांति पार्टी उत्तराखंड में अपना परचम लहरायेगी।

वहीँ पार्टी में सम्मिलित हुए कर्मवीर सिंह रावत ने कहा कि जिन जिन राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियों की सरकार है वहां विकास तेजी से हो रहा है। लेकिन जिन प्रदेशों में राष्ट्रीय दलों की सरकार है या रही हैं वो प्रदेश विकास के मामले में सबसे निचले पायदान पर हैं। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से हिमालय क्रांति पार्टी में जुड़ कर क्षेत्र के विकास में भागीदार बनने की अपील की।

बैठक का संचालन शिवांश रावत ने किया। इस अवसर पर विमला देवी, सरिता नयाल, दिनेश्वरी देवी, विमला नैथानी, मीना देवी, देवेंद्र सिंह गुसाईं, मनोज रावत, विजय नैथानी, सुनील कुमार, सुभाष कुमार, चित्र सिंह रावत, रविन्द्र बिष्ट व संतोष रावत आदि उपस्थित रहे।