National Mathematics Day

श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी में विश्व प्रसिद्ध भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्म दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस बड़े उत्साह से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी आनंद भारद्वाज द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने विभिन्न गणितीय गतिविधियों का प्रदर्शन किया। जिसमें छात्रों द्वारा प्रसिद्ध भारतीय एवं पाश्चात्य गणितज्ञों के कार्यों व उनके द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों का गतिविधियों, नाटकों, नृत्य, गणितीय चुटकुले एवं अभिनय द्वारा प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने गणित दिवस कार्यक्रम की प्रशंसा की। वहीँ छात्रों के प्रदर्शन में मूक-बधिर छात्रों द्वारा त्रिभुजों के बारे में समझाया गया। प्रॉब्लम चिल्ड्रंस की पाठशाला कार्यक्रम में मंदबुद्धि छात्रों द्वारा चित्रों एवं अभिनय के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों की गई। जिसे सर्वाधिक सम्मान एवं तालियां मिली। गणित के रोचक खेल व पहेलियां भी सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आनंद भारद्वाज ने गणित पर विस्तृत वक्तव्य देते हुए शून्य, अनंत, प्राचीन भारतीय गणित एवं जीवन के हर क्षेत्र में गणित के महत्व को रेखांकित किया। आनंद भारद्वाज ने सभी छात्र-छात्राओं में गणित की रुचि उत्पन्न करने के टिप्स भी दिए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य एवं प्रवक्ता गणित धर्म सिंह, केसर सिंह असवाल, भगवान सिंह नेगी, विजेंद्र रावत, निशा नेगी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 के छात्र विवेक एवं आयुष ने किया।