Scarpio falls in Mandakini River in rudrprayag

रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आ रही है। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर बुधवार को एक स्कार्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर मंदाकिनी नदी में जा गिरा। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीँ वाहन चालक अभी लापता है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे रुद्रप्रयाग से तिलवाड़ा नारी-खतेणा गांव की ओर आ रहा स्कार्पियो वाहन गौरीकुंड मार्ग पर भटवाड़ीसैंड के नजदीक अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर 200 मीटर गहरी खाई में जाते हुए मंदाकिनी नदी में जा समाया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक लापता चल रहा है। एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। वाहन में दो महिलाओं समेत चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकाला गया। घटनास्थल जिला मुख्यालय से मात्र पांच किमी दूरी पर होने के बावजूद रेस्क्यू आपरेशन लगभग दो घंटे बाद शुरू हुआ। इस हादसे में मीनाक्षी सजवाण (22 वर्ष) पुत्री गजेंद्र निवासी नारी (सतेराखाल) व अलका असवाल (27 वर्ष) पत्नी पंकज असवाल निवासी गीड़ (तिलवाड़ा) की मौत हो गई है। जबकि राकेश रावत (40 वर्ष) पुत्र मोहन सिंह निवासी नारी लापता चल रहे हैं। अर्जुन सिंह (29 वर्ष) पुत्र जगमोहन सिंह निवासी नारी इस घटना में घायल हो गए। घायल एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। प्राथमिक उपचार के बाद से श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

उधर, मौके पर मौजूद लोगों ने घटना के दो घंटे बाद रेस्क्यू शुरू करने पर रोष जताया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर बैठकर सरकारी तंत्र के खिलाफ नारेबाजी भी की। उनका कहना था कि अगर समय पर रेस्क्यू होता तो मृतकों की जान बचाई जा सकती थी। इधर, एसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने घायल और मृतकों को खाई से निकाला।