देवप्रयाग: टिहरी गढ़वाल जनपद के देवप्रयाग स्थित ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय में आज नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अवसर पर प्रकृति संरक्षण एवं नदियों की स्वच्छता को लेकर हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गंगा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अभियान का उद्देश्य लोगों को नदियों की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाना रहा। प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि स्वच्छ और निर्मल गंगा के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुबोध कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े छोटे-छोटे प्रयासों को अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।



