United Front distributed food kit

राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड के द्वारा चलाये जा रहे सेवाभाव कार्यक्रम के तहत संगठन उन जरूरतमंदों की मदद कर रहा है जो परिवार कोरोना काल में बुरे दौर से गुज़र रहे हैं। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा विगत काफी समय से कर्मचारियों की  पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को लेकर राज्य में सक्रिय है। मौजूदा महामारी को देखते हुए मोर्चे के पदाधिकारी कर्मचारियों ने नेक पहल करते हुए 31 मई 2021 तक सेवाभाव कार्यक्रम के जरिये महामारी से जूझ रहे लोगो की सेवा करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में आज जिला महासचिव भवान सिंह नेगी के द्वारा प्रदत्त दिशानिर्देशों के क्रम में ब्लॉक एकेश्वर में संयुक्त मोर्चा के द्वारा जुटाई गयी सहायता सामग्री का आंवटन किया गया। जिसके अंतर्गत सुरक्षा किट के साथ साथ राशन व कई आवश्यक सामग्रियां दी गयी।

एकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत नौगांव, गज़ेरा, बमोली, मरचोरी, रिंगवाड़ी, कमेडी, कपतिमालगांव, ममाणा आदि गांवों में जरूरतमन्दो को सहायता सामग्री दी गयी। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा को विशेष सहयोग देते हुए नौगांवखाल प्रधान नरेन्द्र पांथरी व सांसद प्रतिनिधि वीरेंद्र बमोला ने अपनी उपस्थिति दी व सहायता सामग्री वितरित करवाने में सहयोग दिया।

उक्त कार्यक्रम में सहयोग करने वाले संयुक्त मोर्चा के साथियों में से सन्तन बिष्ट ने कहा कि हम कर्मचारी बतौर सदैव अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं। संयुक्त मोर्चा द्वारा चलाई जा रही सेवाभाव मुहिम को चलाकर हम सरकार को सन्देश देना चाहते हैं कि जहां भी कमी होगी हम आपके साथ खड़ें हैं। संयुक्त मोर्चा के साथी प्रदीप सुंदरियाल का कहना है जिस प्रकार भी हो सके संयुक्त मोर्चा जरूरतमंदों के साथ खड़ा है। कर्मचारी वर्ग अपना बेहतर से बेहतर देकर एक मजबूत सन्देश सरकार को देना चाहता है।

राकेश पोखरियाल का कहना है कि विपत्ति के समय धैर्य ही सबसे बड़ा मित्र होता है। जरूरतमन्द साथियों तक पहुंचने के लिए हम भरपूर कोशिश कर रहे हैं। आप निश्चिन्त रहे मदद आप तक अवश्य पहुंच जाएगी। मोर्चे के सदस्य अरुण थपलियाल ने कहा है कि मोर्चा राजनीति से परे केवल कर्मचारियों की एक मात्र मांग पुरानी पेंशन बहाली के लिए कार्य कर रहा है। परंतु विपरीत समय मे संगठन का देश हित व जनहित के लिए काम आना समय की मांग है।

देश और प्रदेश में व्याप्त कोरोना महामारी में कई कोरोना योद्धाओं ने अपने प्राण गंवा चुके हैं। ऐसे महान योद्धाओं को श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली सँयुक्त मोर्चा द्वारा एक दीपक जलाकर 1 जून रात 8 बजे श्रद्धांजलि दी जाएगी। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली सँयुक्त मोर्चे के जिलाध्यक्ष मेहरबान सिंह भण्डारी ने कार्मिकों से अपील करते हुए कहा है अधिकाधिक कार्मिक साथी इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर पुण्यात्माओं की शांति की प्रार्थना करें। उक्त सेवाभाव कार्यक्रम में बृजेश, मोहित, दुर्गाप्रसाद, मनीषा, नैना, राहुल, नमेंद्र, भूपेंद्र, जय प्रकाश, सुनील, सुमन, अरविंद राणा, कमल धस्माना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए राहत सामग्री जरूरतमंदों तक पहुंचाई।