Woman Missing from Satpuli Found in Haryana

सतपुली: पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने सतपुली थाना क्षेत्र से गुमशुदा 21 वर्षीय युवती को हरियाणा के सोनीपत से सकुशल बरामद कर लिया है। युवती घर से बिना बताए प्रेम विवाह कर अपने पति के साथ हरियाणा चली गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती के परिजनों द्वारा थाना सतपुली में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया था कि 10 फरवरी 2026 को उनकी पुत्री घास लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस ने “ऑपरेशन स्माइल” के तहत त्वरित कार्रवाई शुरू की। निर्देशों के अनुपालन में थानाध्यक्ष सतपुली पंकज सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मैनुअल दोनों स्तरों पर जांच करते हुए स्थानीय सूचनाएं जुटाईं, संभावित स्थानों की जांच की तथा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया।

सघन प्रयासों और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने युवती को सोनीपत (हरियाणा) से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि उसने अपनी इच्छा से गाजियाबाद स्थित आर्य समाज ट्रस्ट में सिलोली, लैंसडाउन निवासी देवेंद्र से विवाह कर लिया था। विवाह के बाद वह देवेंद्र के साथ सोनीपत चली गई थी।

पुलिस द्वारा युवती एवं उसके परिजनों की काउंसलिंग की गई। विवाह संबंधी प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के बाद और परिजनों की सहमति मिलने पर युवती को उसके पति के साथ भेज दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।