नोएडा : गौतमबुद्ध नगर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले अब तेजी से बढ़ने लगे हैं। आज शुक्रवार को जिले के नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 12 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिसके बाद अब जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 214 हो गई है। इससे पहले कल गुरुवार को भी जिले में 10 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा शुक्रवार की सुबह एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत भी हुई है।
गौतम बुद्ध नगर के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ सुनील दोहरे द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को 210 संदिग्ध मरीजों की कोरोना वायरस रिपोर्ट प्राप्त हुई। जिनमें से 12 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि 198 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 214 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। जिनमें से 118 लोग इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जबकि 95 मरीजों का इलाज जारी है। वहीँ एक मरीज की कोरोना से मृत्यु हो चुकी है। शुक्रवार को 10 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद उनके घर भेज दिया गया है। इनमें से 8 मरीज नोएडा के सुपर स्पेशलिटी चाइल्ड हॉस्पिटल से ठीक होकर अपने घर गए हैं। जबकि 2 मरीज ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल से स्वस्थ होने के बाद घर लौटे हैं।
आज सेक्टर 9 नोएडा से 4 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जिसमें 2 महिलाएं व दो पुरुष शामिल हैं। दो कोरोना मरीज नोएडा सेक्टर 19 से मिले हैं। नोएडा सेक्टर 10 से एक 40 वर्षीय महिला, सेक्टर 150 से 42 वर्षीय महिला पॉजिटिव हैं। गांव याकूबपुर से 25 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। ग्रेटर नोएडा के चाई-II से 42 वर्षीय पुरुष, 20 वर्षीय युवक, जलवायु विहार से कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा नोएडा सेक्टर 22 से एक 60 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया था जिसकी आज तड़के मौत हो गई।
![]()


