corona-bomb in noida

ग्रेटर नोएडा : कोरोना वायरस के संक्रमण के लिए हॉट स्पॉट बन चुके गौतमबुद्धनगर में स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। सोमवार को तो मानो कि यहाँ जैसे कोरोना बम फूट गया। सोमवार को जिले में एक साथ 46 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें 31 लोग गौतमबुद्धनगर (नोएडा और ग्रेटर नोएडा), जबकि 15 लोग गाजियाबाद, फरीदाबाद और दिल्ली के रहने वाले हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों में मोबाइल निर्माता ओप्पो, वीवो व जी मीडिया के कर्मचारी समेत अन्य लोग शामिल हैं। जिला प्रशासन ने तीनों कंपनियों के परिसर को सील कर दिया गया है। मरीजों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। कोरोना बम फूटने से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग में हड़कंम मच गया है। गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईकोटेक-7 स्थित ओप्पो कंपनी ने अपने 3321 कर्मचारियों का टेस्ट गुरूग्राम के एक लैब में कराया था। कंपनी ने 1581 कर्मचारियों की रिपोर्ट गौतमबुद्धनगर के स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दी है, जिसमें 9 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। 8 मरीज गौतमबुद्धनगर के रहने वाले हैं,जबकि 1 मरीज गाजियाबाद का रहने वाला है। पॉजिटिव पाए गए मरीजों को अस्पताल में भर्ती करा प्रशासन ने कंपनी परिसर को सील कर दिया है। ओप्पो कंपनी में एक सप्ताह पहले ही दोबारा से काम शुरू हुआ था। जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जी मीडिया के नोएडा सेक्टर-16ए ऑफिस में बीते 15 मई को कोरोना पॉजिटिव मिले एक कर्मचारी के संपर्क में आए जी मीडिया के 28 अन्य कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। जिनमे से 15 कर्मचारी गौतमबुद्धनगर के रहने वाले हैं, जबकि 13 दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद के रहने वाले हैं। प्रशासन ने जी मीडिया के उस परिसर को सील कर दिया है, जहां पर कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा वीवो     कंपनी के 2 कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कंपनी ने अपने 18 कर्मचारियों का टेस्ट गुरूग्राम हरियाणा में कराया था, जिसमें 16 कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कंपनी को तत्काल सील कर दिया गया है। नोएडा सेक्टर-5 हरौला गांव में भी कोरोना के 5 केस मिले हैं। नोएडा सेक्टर-78 की रहने वाली 40 वर्षीय एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। महिला का पति दिल्ली में काम करता है।  नोएडा के सेक्टर- 47 स्थित जलवायु टावर्स में रहने वाला एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना के केस बढ़ने पर प्रशासन ने नोएडा- दिल्ली बार्डर को सील कर दिया है। पास धारकों के अलावा अन्य लोगों के आने जाने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही गौतमबुद्धनगर जिले में कोरोना के मरीजो की संख्या बढ़कर 286 हो गई है।

यह भी पढ़ें:

बाहरी राज्यों से उत्तराखंड गए 3 लोगों में कोरोना की पुष्टि, 96 पहुंची संक्रमितों की संख्या