Health-Minister-jp-Singh

ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्धनगर के तीनों विधायकों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत करीब 50 पत्रकार भी कोरोना वायरस के साये में आ गए हैं। इससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दरअसल बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की लखनऊ की पार्टी में शामिल होने वाले प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान करने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कांफ्रेंस की थी। इस प्रेस कांफ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्री के साथ नोएडा के विधयाक पंकज सिंह, दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर, जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी बीएन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनिल सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अनुराग भार्गव समेत 50 पत्रकार शामिल हुए थे। इस बीच शुक्रवार को यह बात सामने आई कि कनिका कपूर कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री को आइसोलेट कर दिया गया है। ऐसे में प्रेसवार्ता में शामिल हुए पत्रकार व अन्य लोग भी डर गए हैं। इस बारे में जिला प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह की लखनऊ में जांच की जा रही है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे के कदम पर निर्णय लिया जाएगा। वही जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने एहतियात के तौर पर खुद को आइसोलेट कर लिया है। नोएडा के विधायक पंकज सिंह भी सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है।