yamuna-expressway-fog

ग्रेटर नोएडा: शर्दियों में घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस वे पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण व जेपी ग्रुप द्वारा कड़े इंतजाम किये जा रहे हैं। इसके लिए घने कोहरे के दौरान वाहन चालकों को 75 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक वाहन न चलाने की हिदायत दी गयी है। जगह-जगह स्पीड गन भी लगाये जाएंगे। ताकि तेजगति से वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाया जा सके। जगह-जगह साइन बोर्ड भी लगाये जायेंगे तथा वाहन चालकों को भी जागरुक करेगा। प्राधिकरण ने जेपी ग्रुप से यमुना एक्सप्रेस वे पर क्रेन व एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने को कहा है। इसी सिलसिले में आगामी आठ दिसम्बर को एक बैठक भी बुलायी गयी है। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोड सेफ्टी की बैठक में 31 दिसम्बर तक सारे इंतजाम करने के निर्देश दिये हैं।

यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया कि 15 दिसम्बर से 15 फरवरी तक एनसीआर में कोहरा बहुत होता है। यमुना एक्सप्रेस वे पर कोहरे के चलते गत वर्ष कई सड़क हादसे हुए थे। कोहरा शुरू होने से पूर्व यमुना एक्सप्रेस वे पर कड़े इंतजाम किये जा रहे हैं। नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक धीमी गति से वाहन चलाने तथा अन्य सूचनाओं के लिए साइन बोर्ड लगाये जाएंगे। पीली लाइट लगायी जाएंगे। एलईडी लाइट लगाने की भी तैयारी है। हर 10 किलोमीटर पर एक क्रेन व एम्बुलेंस तैयार रहेगी, ताकि कोई हादसा होने पर मात्र 18 मिनट में सहायता मिल सके। यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे के दौरान घायलों के उपचार के लिए पहले 5 अस्पतालों से अनुबंध था लेकिन अब यह बढ़ाकर 15 कर दिया गया है। हाईवे साथी ऐप पर सारी जानकारी समय-समय पर अपडेट की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हैंड बिल के माध्यम से भी वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाने के लिए सचेत किया जाएगा। समाचार पत्रों व एफएम पर लोगों को जागरुक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे एक्सप्रेसवे पर तेजगति से वाहन चालकों पर नजर रखने के लिए स्पीड़ गन लगाये जाएंगे। कोहरे के दौरान 75 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा। ओवर स्पीड चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।