Noida International Film City

Noida Film City: गौतमबुद्ध नगर जनपद के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा के यमुना सिटी क्षेत्र में बनने वाली नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी बोनी कपूर की कंपनी और भूटानी ग्रुप बनायेंगे। नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी के प्रोजेक्ट की बिड (बोली) बोनी कपूर की कंपनी M/s. Bayview Projects LLP और भूटानी ग्रुप ने जीत ली है।

यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर 21 में प्रथम चरण में 230 एकड़ में स्थापित की जा रही इस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म सिटी परियोजना के लिए चार कंपनियों मेसर्स सुपरसोनिक टेक्नोबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड (मैडॉक फिल्म्स, केप ऑफ गुड फिल्म्स एलएलपी और अन्य), बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी (बोनी कपूर और अन्य), मेसर्स सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (टी-सीरीज) के अलावा लायंस फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (केसी बोकाडिया एवं अन्य) ने बोली लगाई थी। इसमें बोनी कपूर की कंपनी की बोली सबसे ज्यादा निकली। इसके बाद उनकी कंपनी को यह प्रोजेक्ट दे दिया गया।

यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अंतर्राष्ट्रीय फिल्म सिटी परियोजना की स्थापना के लिए 30 सितंबर 2023 को अंतर्राष्ट्रीय बिड जारी की थी। बिड जमा करने की आखिरी तारीख 5 जनवरी 2024 को दोपहर 2.30 बजे तक थी।

10 हजार करोड़ की लागत से 1000 एकड़ जमीन पर बनेगी पूरी फिल्म सिटी

फिल्म सिटी परियोजना का कुल एरिया 1000 एकड़ का है। प्रस्तावित भूमि में 780 में एकड़ फिल्म सिटी और 220 एकड़ व्यावसायिक कार्यों के लिए उपयोग में लाई जाएगी। 1000 एकड़ में विकसित होने वाले फिल्म सिटी की कुल लागत 10 हजार करोड़ रुपये होगी। पहले चरण की अनुमानित लागत 1,510 करोड़ रुपए है। फिल्म सिटी विकसित करने वाली कंपनी को 90 साल का लाइसेंस दिया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट को साकार करने की जिम्मेदारी मंगलवार को फिल्म मेकर बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप को सौंप दी गई है। अगर इस प्रोजेक्ट में देरी होती है तो हर दिन 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगेगा।