ग्रेटर नोएडा : नव वर्ष 2023 का स्वागत देश दुनिया में जोरदार तरीके से किया गया। कुछ लोगों ने जहां साल के पहले दिन अपने परिवार के साथ बाहर जाकर मौज मस्ती की, तो वहीं समाज सेवा के कार्य से जुड़े लोगों ने पुण्य का काम कर नए साल की शुरुआत की। इसी कड़ी में रविवार 01 जनवरी 2023 को उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति ग्रेटर नोएडा के सदस्यों ने दनकौर स्थित एक वृद्ध आश्रम में जाकर आश्रम में रह रहे बेसहारा वृद्धजनों के साथ केक काटकर नया साल मनाया। इस अवसर पर समिति के द्वारा सभी वृद्धजनों को दोपहर का भोजन कराया गया। उसके बाद सभी को ठिठुरती सर्दी से बचने के लिए कंबल वितरित किये गए। साथ ही सभी वृद्ध जनों को धार्मिक पुस्तक गीता का वितरण भी किया गया।

उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत ने बताया कि उनकी नए साल की शुरुआत मानवता की सेवा जुड़े कार्यों से करती है। पिछले दो वर्ष कोरोना महामारी की पाबंदियों के चलते हम लोग पाने इस मिशन से वंचित रह गए थे। इस बार हमने नए साल की शुरुआत वृद्धाश्रम में जाकर वहां रह रहे वृद्धजनों का आशीर्वाद लेकर की है। उन्होंने बताया कि संस्था जरूरतमंद लोगों के लिए इस तरह के सामाजिक कार्यों को आगे भी जारी रखेगी। इस मौके पर संस्था के कई सदस्य वहां मौजूद रहे।