ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्ध नगर जनपद के अंतर्गत जलपुरा गांव में बनी गौशाला में मृत गायों वीडियो वायरल होने के बाद यह मुद्दा गरमा गया है। गौशाला के अन्दर गायों की मौत को लेकर लोगों में रोष है। कई राजनीतिक दल भी आगे आ गए हैं। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोशाला पहुंचकर गौशाला के अंदर बिगड़ी हुई व्यवस्था के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।
कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर योगी सरकार के खिलाफ हमला बोला। वहीँ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी व नोएडा महानगर अध्यक्ष शहाबुद्दीन के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने गौशाला पर धरना प्रदर्शन कर मांग की कि गायों के लिए शेड बनाए जाएं। साथ ही गायों के लिए चारा पानी की उचित व्यवस्था की जाए। कांग्रेस की मांग है कि गौशाला के अंदर जो गायें मृत मिली हैं, उन गायों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। मनोज चौधरी का कहना है कि जिले की सभी गौशालाओं में बहुत बुरी स्थिति है,कहीं पर भी गोधन के लिए खाने पीने व दवाइयों की व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी इस समस्या को लेकर प्रदर्शन कर गौ माता के सम्मान के लिए लड़ाई लड़ेगी। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र नागर, वरिष्ठ नेता राजेंद्र अवाना, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर, दिनेश अवाना, अशोक पंडित, देवेंद्र भाटी आदि मौजूद रहे।