ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक शारदा अस्पताल में तैनात निंबस कंपनी के दो सफाई कर्मियों ने नवजात को दूध पिलाने के नाम पर महिला से छेड़छाड़ की। महिला की शिकायत पर चिकित्साधिकारी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा आरके सिंह का कहना है कि दोनों कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पहचान कर ली गयी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों कर्मचारी अस्पताल में संविदा पर तैनात हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 20 साल की एक महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला ने 12 दिन पहले अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि महिला के दूध का नमूना लेने गए दो अस्पताल कर्मियों ने बुधवार देर रात महिला के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। महिला का आरोप है कि दोनों आरोपी मुंह पर मास्क लगाये थे। इसके चलते वह उनका चेहरा ठीक से नहीं देख सकी। महिला ने आरोपियों की हरकत का विरोध करते हुए शोर भी मचाया। शोर सुनकर अन्य स्टॉफ भी मौके पर पहुंच गया तब तक आरोपी चले गये। आरोपियों की पहचान निंबस कंपनी के लवकुश और सुंदर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि महिला ने 24 अप्रैल को नोएडा के अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। इस दौरान महिला की कोरोना जांच की गयी और तीन मई को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी थी। महिला को इलाज के लिए शारदा अस्पताल रेफर कर दिया गया था। महिला के पति व अन्य परिजन क्वारेंटाइन सेंटर में हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने भी मामले की जांच के आदेश दिये हैं।