ग्रेटर नोएडा : नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर आगमन करने वाले सभी निजी एवं सरकारी वाहनों पर 01 दिसंबर से केंद्र सरकार द्वारा फास्टैग (FASTags) लगाना अनिवार्य कर दिया है। 01 दिसम्बर के बाद नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर बिना फास्टैग वाले वाहन यदि फास्टैग लेन में जाते हैं तो उन्हें दोगुना टोल टैक्स देना होगा। हालांकि, हर टोल प्लाजा पर एक लेन नगद भुगतान के लिए भी होगी। फास्टैग सिर्फ नेशनल हाईवे के लिए है। अगर आप स्टेट हाईवे के टोल से गुजरते हैं तो यह काम नहीं करेगा।
यमुना एक्सप्रेस वे पर भी एनएचएआई के निर्देश पर एक दिसम्बर से फास्टैग लागू हो जाएगा। हालांकि शुरू में सिर्फ दो बूथ पर ही फास्टैग व्यवस्था लागू की जाएगी। बाकी अन्य बूथ पर पहले की तरह व्यवस्था जारी रहेगी। यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण के सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने जेपी इंफाट्रेक के अधिकारियों को पत्र लिखकर फास्टैग लागू करने के लिए पत्र लिखा है।
एनएचएआई के निर्देशों का पालन करने के लिए प्रदेश स्तर पर एक बैठक हुई थी। जिसमें सभी नेशनल हाईवे पर बने टोल प्लॉजा पर फास्टैग लागू करने पर सहमति बनी। यही नहीं नोएडा-आगरा यमुना एक्सप्रेस वे पर भी फास्टैग लागू करने के निर्देश दिये गये हैं। यमुना एक्सप्रेस वे जेपी इंफाट्रेक लिमिटेड ने बनाया है। वहीं टोल भी वसूल रहा है। लिहाजा यमुना एक्सप्रेस वे पर भी फास्टैग व्यवस्था लागू करने के लिए यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण के अधिकारियों ने जेपी इंफाट्रेक लिमिटेड को पत्र लिखा है। बताते हैं कि यमुना एक्सप्रेस वे पर फिलहाल दो बूथ पर फास्टैग व्यवस्था लागू होगी। अन्य बूथ पर वाहन चालक पहले की तरह नकद पैसे देकर आ-जा सकते हैं। बाद में धीरे-धीरे सभी बूथ पर फास्टैग से ही गुजरना होगा।