plastic-factor-fire

ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर उद्योग विहार स्थित एक फैक्टरी में रविवार सुबह आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आस-पास की फैक्ट्रीयों में काम करने वालों की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की 15 गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। लाखों रूपये का नुकसान बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक सूरजपुर उद्योग विहार स्थित स्पेरी प्लॉस्ट लिमिटेड नाम की फैक्टरी में प्लॉस्टिक का दाना बनाने का काम होता है। फैक्टरी में बनने वाले प्लास्टिक दाने को नामी गिरामी कम्पनियों में भेजा जाता है। रविवार सुबह करीब छह बजे फैक्टरी में आग लग गई। यह देख कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक फैक्टरी में रखा माल जलकर राख हो गया था। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।