ग्रेटर नोएडा: प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी होली की पूर्व संध्या पर 24 मार्च (रविवार) को उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा, ग्रेटर नोएडा के गामा-1 स्थित गौरी शंकर मंदिर प्रांगण में एक भव्य होली मिलन समारोह एवं होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इस दौरान फूलों की होली भी खेली जाएगी।

समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत ने बताया कि उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति (ग्रेटर नोएडा) अपनी स्थापना के 15 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष मे इस बार होली मिलन समारोह के तहत 24 मार्च को शाम 4 बजे से एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। जिसमे समिति के सदस्यों के बच्चों, महिलाओं एवं पुरूषों द्वारा उत्तराखंडी होली गीतों/ लोकगीतों एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियां पेश की जायेंगी। उन्होंने बताया कि इस बार कार्यक्रम में विभिन्न सेक्टरों की महिला टीमों द्वारा सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियां पेश की जायेंगी हैं। इसके अलावा बच्चों द्वारा भी होली गीतों पर आधारित प्रस्तुतियां पेश की जायेंगी।

होली मिलन कार्यक्रम समापन के बाद शुभ मुहूर्त पर (रात 9:30 बजे) होलिका दहन कार्यक्रम किया जायेगा। होलिका दहन के बाद प्रसाद वितरण किया जायेगा। इस बार होली मिलन में किसी भी प्रकार के रंगों का प्रयोग नही किया जायेगा, केवल फूलों की होली खेली जाएगी। संस्था द्वारा सभी सदस्यों एवं उनके परिजनों के लिए रात्रि भोजन की व्यवस्था की गयी है।