uttarakhand-sanskritik-program

ग्रेटर नोएडा: सामाजिक संस्था उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा आगामी 27 नवंबर (रविवार) 2022 को ग्रेटर नोएडा के धर्म पब्लिक स्कूल प्रांगण में भव्य उत्तराखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।

समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत ने बताया कि इस बार यह कार्यक्रम रात के बजाय दिन में किया जा रहा है। कार्यक्रम 27 नवंबर, रविवार को दिन में 1 बजे से शुरू हो जायेगा। कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद सबसे पहले ग्रेटर नोएडा के विभिन्न स्कूलों में पढ़ रहे उत्तराखंड मूल के मेधावी छात्र-छात्राओं, शहर के समाज सेवीयों एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्तराखंड मूल के डॉक्टर्स को समिति द्वारा सम्मानित किया जायेगा।

इस अवसर पर संस्था की वार्षिक पुस्तिका देवभूमि स्मारिकाभाग 9 का भी विमोचन किया जायेगा। उसके बाद दोपहर 2  बजे से उत्तराखंड से आये देवभूमि गंगा सांस्कृतिक मंच के लोक कलाकारों द्वारा नॉन स्टॉप सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की जाएँगी। इस बार कार्यक्रम में लोकगायक मुकेश कठैत, प्रकाश काहला, सौरभ मैठाणी, हास्य कलाकार राजेश जोशी, लोक गायिका आशा नेगी, अनीशा रांगण, मेघना चंद्रा आदि उत्तराखंड के लोक कलाकार अपने लोक गीत संगीत के माध्यम से ग्रेटर नोएडा वासियों को पहाड़ की वादियों से रूबरू कराएँगे। मंच संचालन उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजेश जोशी, उत्तराखंड समिति ग्रेटर नोएडा के उपाध्यक्ष डीएस नेगी एवं त्रिलोक पंवार द्वारा संयुक्त रूप से किया जायेगा।

इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर उत्तराखंड के पहाड़ी उत्पादों के साथ-साथ खान-पान के स्टाल भी लगाये जायेंगे। जहाँ दर्शकों के लिए उचित दरों पर दिन से लेकर रात तक का भोजन भी उपलब्ध रहेगा। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा पारम्परिक वेशभूषा में देवभूमि उत्तराखण्ड की सुप्रसिद्ध नन्दा देवी राजजात की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही “हम छौं उत्तराखंडी” नृत्य नाटिकाएं भी प्रस्तुत की जाएँगी। उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष जीपीएस रावत ने बताया कि समिति का इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करवाने का मुख्य उद्देश्य वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में रह रहे 2000 से अधिक उत्तराखंड के परिवारों व उनके बच्चों को अपनी संस्कृति से रूबरू कराना हैं।