ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार को हुए एक भीषण हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत 6 लोगों की मौत हो गयी है। बताया जा रहा है कि हादसे में मरने वाले सभी लोग ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के रहने वाले थे और बिहार से शादी करके लौट रहे थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के अच्छेपुर गांव निवासी धीरज का विवाह 2 दिन पहले ही बिहार निवासी रिंकी से हुआ था। गांव से सभी रिश्तेदार और परिजन बारात लेकर बिहार गए थे। विवाह संपन्न होने के बाद सभी बाराती दुल्हन को लेकर अपने गाँव वापस लौट रहे थे। दूल्हा-दुल्हन सहित 6 लोग ईको कार से लौट रहे थे जबकि अन्य बाराती दूसरे वाहनों में सवार होकर लौट रहे थे। इसीबीच आज रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हाइवे बाईपास पर एक तेज रफ्तार DCM टैंकर की ईको कार से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। भिडंत इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार में सवार 6 लोगों में से 5 की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दुल्हन को पुलिस ने ऐंबुलेंस की सहायता से आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान दुल्हन ने भी दम तोड़ दिया। मौके से DCM चालक फरार हो गया।