ग्रेटर नोएडा: बीटा-2 सेक्टर के आई ब्लॉक में सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां और रंग-बिरंगे डस्टबिन लेकर लोगों को समझाया कि गीले कचरे (जैसे भोजन अवशेष) और सूखे कचरे (जैसे प्लास्टिक, कागज) को अलग-अलग रखने से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहता है, बल्कि कचरे के निपटान की प्रक्रिया भी आसान हो जाती है।
नुक्कड़ नाटक के जरिए यह भी बताया गया कि कचरे का सही प्रबंधन शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में “रिसाइकल, रीयूज और रिड्यूस” का संदेश भी दिया गया।
सेक्टर वासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बन सकें।
RWA अध्यक्ष आरती शर्मा ने बताया कि हमारा उद्देश्य हर घर तक यह संदेश पहुंचाना है कि कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अभियान मे आरती शर्मा, मोना यादव, राजीव शर्मा, विनोद नागर, सुनीता, रजनी, प्रियंका, बबलू समेत सकड़ों लोग मौजूद रहे।