deputy-cm-dinesh-sharma

ग्रेटर नोएडा : प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा, शिक्षक व विद्यार्थी हमारी प्राथमिकता में हैं। शिक्षक को हम भगवान मानते हैं,जो समाज का कल्याण करता है। राष्ट्र निर्माण कर देश की नींव को मजबूत करता है। शिक्षक ही देश को सर्वोत्तम बनाने का एकमात्र जरिया है। डॉ. दिनेश शर्मा रविवार को दादरी क्षेत्र के गांव धूममानिकपुर स्थित केशव माधव लॉ कॉलेज में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम का आयोजन मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट से एमएलसी श्रीचंद शर्मा द्वारा आयोजित किया गया था। उप मुख्यमंत्री ने कहा शिक्षक राष्ट्र और बच्चों के भविष्य का निर्माता हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा की गुणवत्ता पर बल दे रही है। पूर्व की सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले नकल करने के लिए विद्यार्थियों के टेंडर होते थे। प्रदेश के कई-कई जिलों में थोक के भाव मोटी रकम लेकर परीक्षाएं कराई जाती थीं। परीक्षा की पवित्रता खत्म हो गई थी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा की गुणवत्ता व परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने पर जोर दे रही है। नकल विहीन परीक्षाओं के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जातिवाद, परिवाद का नारा देने वालों को जनता ने सबक सिखा दिया है। प्रदेश साम्प्रदायिक आग में दहकता था। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि योगी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में एक भी साम्प्रदायिक और जातीय दंगा नहीं हुआ है। सावन के माह व शिवरात्रि पर कावड़िया जुलूस नहीं निकालते थे।

अब अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम राम दीप उत्सव होने पर हेलीकॉप्टर से माता सीता और लक्ष्मण के साथ उतरते हैं। सरयू के घाट पर दीप का प्रज्जवन होता है और काशी में विश्वनाथ का परचम लहराता है। मथुरा वृंदावन हरे राम हरे कृष्णा से गुंजायमान होता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग और विद्यार्थी भाजपा को आशा के साथ देख रहा है। एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया है। वित्तविहीन शिक्षकों को अंश कालिक दर्जा दिया गया है। साथ ही इनका भुगतान भी ऑनलाइन करा दिया है। सम्मेलन में सांसद डॉ. महेश शर्मा, पूर्व मंत्री व गन्ना संस्थान के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष विजय भाटी, उमेश द्विवेदी, सुनील भड़ाना आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।