Uttarakhand Festival 2022 from 9 to 11 December in Greater Noida West

उत्तराखंड महोत्सव 2022 : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सामाजिक संस्था संकल्प द राइजिंग उत्तराखंड फाउंडेशन द्वारा आगामी 9, 10 तथा 11 दिसंबर 2022 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के श्रीराम यूनिवर्सल स्कूल में उत्तराखंड महोत्सव 2022 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले उत्तराखंड महोत्सव में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी, गजेन्द्र राणा, मंगलेश डंगवाल, प्रकाश कहाला, इंदर आर्य, जितेन्द्र तोमक्याल, स्वर कोकिला कल्पना चौहान, मीना राणा, माया उपाध्याय, ख़ुशी जोशी, पूनम सती, हेमा ध्यानी आदि उत्तराखंड के जाने माने लोक  कलाकार प्रवासी उत्तराखंडियों को पहाड़ की लोक संस्कृति और लोक संगीत से रूबरू कराएंगे।

पहाड़ की लोक संस्कृति को समर्पित उत्तराखंड महोत्सव के आयोजन को लेकर संस्था के सदस्यों में ख़ासा उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर है। संकल्प द राइजिंग उत्तराखंड फाउंडेशन उत्तराखंड के अध्यक्ष प्रकाश कोटिया ने बताया कि इस बार संस्था द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में उत्तराखंड महोत्सव को भव्य तरीके से आयोजित किया जा रहा है। जिसमे दिल्ली/एनसीआर की तमाम उत्तराखंडी संस्थाओं/संगठनों को आमंत्रित किया गया है।

प्रकाश कोटिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी तथा रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट  सहित तमाम गण्यमान्य लोग शिरकत करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई है कि उत्तराखंड महोत्सव 2022 को देखने के लिए दिल्ली/एनसीआर से बड़ी संख्या में प्रवासी पहुंचेंगे।

महोत्सव में पहाड़ की लोक कला एवं संस्कृति की झलक, चित्रकारी प्रतियोगिता, ऐपण प्रतियोगिता, बच्चों के झूले, स्टॉल-उत्तराखंडी पारंपरिक उत्पाद एवं व्यंजन, आकर्षक उत्तराखंडी सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा प्रत्येक दिन उत्तराखंडी परिधान में आए दर्शकों में से पांच पुरूष एवं पांच महिलाओं को सम्मान एवं पुरस्कार तथा उत्तराखंडी टैलेंट हंट आकर्षक लक्की ड्रॉ महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा।