corona

ग्रेटर नोएडा: कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश में लॉकडाउन की घोषणा के बाद श्रमिकों एवं दिहाड़ी मजदूरों के सामने 2 जून की रोटी का संकट पैदा हो गया है। इसी को देखते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सामाजिक संस्था उत्तराखंड जन विकास समिति के सदस्यों ने समाज के प्रति अपनी नैतिक व सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए “कोई भूखा ना रहे, कोई भूखा ना सोए मुहिम के तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र के आसपास झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले गरीब, दिहाड़ी मजदूर परिवारों के लिए इस आपदा की घड़ी में भोजन की व्यवस्था कराने का सराहनीय प्रयास किया है। जिसके तहत समिति ने 2 किलो चावल, 1 किलो दाल, तेल, नमक, मिर्च और मसाले आदि के कुल 150 पैकेट बनाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाए है।

corona

समिति के अध्यक्ष प्रकाश कोटिया ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक तेजपाल नागर ने उत्तराखंड जन विकास समिति द्वारा समाज के प्रति किए जा रहे हैं इस कार्य की प्रशंसा व सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से समिति को सहयोग व समर्थन देकर कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गौतम बुद्ध नगर डीसीपी श्रीमती वृंदा शुक्ला ने भी उत्तराखंड जन विकास समिति के द्वारा किए जा रहे इस कार्य की सराहना व प्रशंसा की व पुलिस प्रशासन के अधिकारियो को इस कार्य को पूरा करने के लिए निर्देश दिए। वहीँ चेरी काउंटी चौकी प्रभारी अवधेश भाटी ने इस कार्य को पूरा करने में पूर्ण सहयोग किया।

समिति के सदस्यो ने जरूरतमंद लोगों को सामग्री वितरित करने के दौरान इस वैश्विक महामारी के बारे में अवगत कराया और सामाजिक दूरियां बनाने के लिए प्रेरित किया। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि समिति की इस मुहिम को आगे भी जारी रखा जाएगा। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रकाश कोटिया, सचिव देवेंद्र रावत, उपाध्यक्ष मनोज कुकरेती,  संजय नैलवाल और हरेन्द्र नेगी उपस्थित रहे।