ग्रेटर नोएडा: उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति ग्रेटर नोएडा के सदस्यों ने नववर्ष 2026 के पहले रविवार की शुरुआत एक सराहनीय सामाजिक कार्य के साथ की। समिति के सदस्यों ने रविवार, 4 जनवरी 2026 की शाम को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में पहुंचकर वहां रह रहे बेसहारा वृद्धजनों को भोजन कराया तथा फल वितरित किए।
इस अवसर पर समिति द्वारा आश्रम परिसर में संचालित गौशाला में पल रही गौमाताओं के लिए चोकर भी भेंट किया गया। समिति के इस मानवीय प्रयास की वृद्धजनों एवं आश्रम प्रबंधन द्वारा सराहना की गई।
समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत एवं महासचिव राजू सनवाल ने बताया कि उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति हर साल नववर्ष की शुरुआत मानवता से जुड़े सेवा कार्यों के माध्यम से करती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी समिति ने वृद्धाश्रम में जाकर बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर नए वर्ष का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी संस्था जरूरतमंद लोगों के लिए ऐसे सामाजिक एवं सेवा कार्य निरंतर करती रहेगी।
इससे पूर्व सुबह समिति की नववर्ष 2026 की पहली मासिक बैठक सामुदायिक केंद्र गामा-1 में आयोजित की गई। बैठक में 14 दिसंबर 2025 को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की सफलता पर विस्तार से चर्चा की गई तथा भविष्य की गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया गया।
उसके बाद शाम को समिति के सभी सदस्य रामलाल वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां वृद्धजनों को भोजन कराकर तथा फल वितरित कर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस मौके इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत, जैनेंद्र रावत, डीएस नेगी, राजू सनवाल, बच्ची राम रतूड़ी, चंद्रा नौटियाल, तारा दत्त शर्मा, कृष्ण कुमार पंत, दिनेश पंवार, कुलवंत रावत, बलबीर सिंह गुसाईं, केके नौटियाल, परिपूर्ण वार्ष्णेय, विक्रम नेगी, संतोष शाह, हेम रावत, ललित पाडलिया, केसी पन्त, जीसी भट्ट, शुशील कुमार पन्त, शंकर कांडपाल, सुभाष मुंडेपी आदि सदस्य मौजूद रहे।



