pink-booth

ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश में कल यानी 10 फरवरी को पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 58 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसके लिए चुनाव आयोग से लेकर शासन/प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी कर ली गयी है। गौतमबुद्धनगर की नोएडा, दादरी व जेवर विधानसभा सीट पर प्रथम चरण में होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों व उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अर्धसैनिक बल के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। तीनों विधानसभाओं के 566 मतदान केंद्रों के 1840 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव में गड़बड़ी पैदा करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। यही नहीं महिलाओं के लिए अलग से पिंक मतदान केंद्र की व्यवस्था की गयी है। कल सुबह मतदान सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता है। मतदान केन्द्रों पर सेल्फी पॉइंट भी बनाये गए है। जहां पर लोग वोट डालने के बाद सेल्फी ले सकेंगे। पोलिंग बूथ गुब्बारों से सजाए गए हैं।

पहली बार महिलाओं के लिए अलग से पिंक बूथ की व्यवस्था की गयी है। गौतमबुद्धनगर में 243 पिंक बूथ बनाये गए है। इन बूथों पर केवल महिलाएं मतदान करेंगी। इतना ही नहीं मतदान कराने वाली कर्मचारी भी महिलाएं ही होंगी। पोलिंग बूथों पर सुरक्षा की कमान भी महिलाएं ही संभालेंगी। वहीँ 243 मॉडल बूथ बनाये गए है। इसके अलावा  दिव्यांग मतदाताओं के लिए सात दिव्यांग बूथ बनाये गए है।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट सुहास एल वाई ने बताया कि 10 फरवरी को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 566 मतदान केंद्र और 1840 बूथ बनाए गए हैं। नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 161 मतदान केंद्रों पर 755 बूथ, दादरी विधानसभा क्षेत्र में 203 मतदान केंद्रों पर 665 बूथ और जेवर विधानसभा क्षेत्र में 202 मतदान केंद्रों पर 420 बूथ बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों की सुरक्षा 10 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे। चप्पे- चप्पे पर पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे। जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए तीनों विधानसभा क्षेत्रों को 26 जोन में बांटा गया है।

तीनों विधानसभा में कुल कुल 39 प्रत्याशी मैदान में

गौतमबुद्धनगर की नोएडा, दादरी व जेवर विधानसभा सीट से भाजपा, बसपा, कांग्रेस, सपा-रालोद व आम आदमी पार्टी सहित अन्य राजनीतिक दलों के व निर्दलीय मिलाकर कुल 39 प्रत्याशी अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। तीनों विधानसभाओं में कुल मिलाकर 16 लाख 69 हजार 592 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 27 हजार 283 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या- 7 लाख 42 हजार 208 है।