gas-leak-in-Ludhiana

Ludhiana Gas Leak Today:  पंजाब के लुधियाना में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। लुधियाना के गियासपुरा इलाके में जहरीली गैस रिसाव होने से तीन परिवारों के 11 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 4 बच्चे और 5 महिलाएं शामिल हैं। जबकि 11 लोग बेसुध हालत में बताये जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया है। एनडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल रखा है। किसी को घटनास्थल पर नहीं जाने दिया जा रहा है। बचाव टीमें हर घर की जांच कर रही है।

पहले जानकारी मिली थी कि बंद पड़ी फैक्टरी में गैस का रिसाव हुआ है। जिससे इलाके में तबाही मच गई। दिन निकलते ही लाशों का ढेर लग गया। हालांकि बाद में जांच करने पर सामने आया है कि किराना की दुकान से इस गैस का रिसाव हुआ है। गैस लीक होने से इलाके में हाहाकार मच गया है।

उधर, गैस के रिसाव से और नुकसान न हो, पुलिस ने आसपास के 300 मीटर के इलाके को खाली करा दिया है। इसके साथ ही गैस का रिसाव बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और फायर ब्रिगेड के मुताबिक एक किराना दुकान से गैस रिसाव कैसे हुआ। गैस कौन सी थी, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि अमोनिया गैस ही लीक हुई है। गैस लीक कांड में तीन परिवारों के 10 लोग मारे गए हैं। 11वां व्यक्ति (25 साल का पुरुष) अभी अज्ञात है।

पंजाब सरकार ने घटना में मरने वालों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है, घायलों के परिजनों के लिए 50,000 रुपये की भी घोषणा की गई है। लुधियाना की उपायुक्त सुरभि मल्लिक ने मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुए कहा कि घायलों के इलाज का खर्च भी सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि यह जांचने के लिए नमूने लिए गए थे कि कौन सी गैस या रसायन लीक हुआ है और यह किस हद तक फैला है, उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को सलाह दी गई है कि वे सावधानी बरतें, मास्क पहनें।

जहां से गैस लीक हुई, उस दुकान का संचालक बेसुध है। दुकान के पास एक क्लीनिक शॉप भी है। यहां रहने वाला परिवार बेसुध है। इनमें से कई लोगों की मौत हुई है। इनके शरीर नीले पड़ गए हैं। घटना की सूचना पर क्षेत्र की विधायक रजिंदर कौर छीना भी मौके पर पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि गैस लीक प्रकरण मामले की जांच होगी। फिलहाल लोगों की जान बचाने के लिए काम किया जा रहा है। पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

मरने वालों में पांच महिलाए और दो बच्चे शामिल हैं। गैस लीक में एक बिल्ली की भी मौत हुई है। मृतकों के शवों को लुधियाना सिविल अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। बचाव टीमें हर घर की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, ड्रोन से घरों की छतों की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

प्रशासन के अनुसार, उनका फोकस लोगों को बाहर निकालने पर है। हर घर की जांच की जा रही है। सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने ट्वीट किया  कि लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस रिसाव की घटना बेहद दुखद है। पुलिस, सरकार और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है। हर संभव मदद की जा रही है।

तीन परिवारों के 10 लोगों की मौत

आरती क्लीनिक चलाने वाले कविलाश के लिए गैस लीक काल साबित हुई। कविलाश पुत्र चालक देव यादव निवासी सूआ रोड ग्यासपुरा आरती क्लीनिक चलाता था। उनकी पत्नी वर्षा (35) और तीन बच्चों कल्पना (16), अभय (13) और आर्यन (10) की गैस लीक से मौत हो गई है। कविलाश मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं लेकिन पिछले 30 साल से वे पंजाब में बसे हुए हैं।

सौरव गोयल (35) पुत्र स्वर्गीय अशोक गोयल निवासी लाल चक्की रोड ग्यासपुरा क्षेत्र में गोयल किराना स्टोर चला रहा था। गैस लीक में उनकी भी जान चली गई। वहीं उनकी पत्नी प्रीति (31) और मां कमलेश गोयल (60) की भी मौत हो चुकी है। भाई गौरव (50) बीमार है और सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। मूल रूप से वे यूपी के अलीगढ़ के रहने वाले हैं, लेकिन पिछले 20-22 साल से पंजाब में बसे हुए हैं।

नवनीत कुमार (39) पुत्र कुमुद कुमार आरती स्टील, विश्कर्मा चौक में मुनीम के पद पर कार्यरत थे। गैस लीक में उनकी और उनकी पत्नी नीतू देवी (37) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नौ मई को उनके घर में शादी है और उन्हें सोमवार को गांव के लिए निकलना था। उनका भाई नितिन कुमार (40) नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है। नितिन टाटा कंपनी बीकानेर में कार्यरत है। उनके पिता और माता फिलहाल पटना में रहते हैं। दोनों भाई पिछले 20 साल से लुधियाना में रह रहे थे।