Baba Ramdev Controversial statement : योग गुरु बाबा रामदेव ने महाराष्ट्र में आयोजित योग शिविर के दौरान महिलाओं पर अपनी कथित टिप्पणी के लिए सोमवार को खेद व्यक्त किया और माफी मांगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर की गयी उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया।
स्वामी रामदेव ने पिछले हफ्ते मुंबई के ठाणे में महिलाओं पर अपनी टिप्पणी के 72 घंटे बाद विरोध व आलोचना होने पर खेद व्यक्त किया और माफी मांगी है। रामदेव ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर को इस आशय का एक ईमेल भेजा है। गौरतलब है कि आयोग ने शुक्रवार के पत्र लिखकर रामदेव से 72 घंटों के भीतर उनकी टिप्पणी के लिए स्पष्टीकरण मांगा था।
महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने माफीनामा मिलने की पुष्टि की। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि ‘हमने रामदेव बाबा को 25 नवंबर, 2022 को ठाणे में एक कार्यक्रम में उनके समस्याग्रस्त बयानों के संबंध में एक नोटिस भेजा था। उन्हें अपनी टिप्पणी स्पष्ट करने और माफी मांगने के लिए कहा गया था। उन्होंने आज एक प्रकटीकरण पत्र भेजा है जिसमें उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए खेद व्यक्त किया है।’
महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष कहा कि रामदेव ने ई-मेल कर अपनी टिप्पणी के लिए खेद व्यक्त करते और माफी मांगी है, लेकिन यह भी कहा है कि उनकी टिप्पणी को संदर्भ से बाहर समझा गया। चाकणकर ने चेतावनी देते हुए कहा, हमें नोटिस का जवाब मिल गया है, लेकिन अगर कोई और आपत्ति या शिकायत आती है, तो हम पूरी जांच करेंगे और पिछले सप्ताह आयोजित कार्यक्रम की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त करेंगे।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते ठाणे में महिलाओं के लिए आयोजित योग प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव बाबा ने कहा था ‘महिलाएं साड़ी में अच्छी लगती हैं, वे सलवार सूट में भी अच्छी लगती हैं, और ‘महिलाएं बिना कुछ पहने भी अच्छी लगती हैं’। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र, ठाणे सांसद श्रीकांत शिंदे और भारतीय जनता पार्टी के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र की पत्नी अमृता फडणवीस सहित कई अन्य प्रमुख हस्तियों की उपस्थित थी।
रामदेव की इस टिप्पणी से महाराष्ट्र समेत देश के अन्य हिस्सो में हंगामा खड़ा हो गया। लोगों ने उनकी तीखी आलोचना की। दिल्ली महिला आयोग ने भी योग गुरु की टिप्पणियों के लिए तंज कसा है। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, संजय राउत, डॉ. मनीषा कयांडे, किशोर तिवारी, महेश तापसे, अपर्णा मलिकर, तृप्ति देसाई जैसी महिला कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने रामदेव से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की थी।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री जी की पत्नी के सामने स्वामी रामदेव द्वारा महिलाओं पर की गई टिप्पणी अमर्यादित और निंदनीय है। इस बयान से सभी महिलाएँ आहत हुई हैं, बाबा रामदेव जी को इस बयान पर देश से माफ़ी माँगनी चाहिए! pic.twitter.com/1jTvN1SnR7
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) November 26, 2022