Corona new variant Omicron

COVID-19 Omicron Variant : कोरोना वायरस का नए वैरिएंट ओमीक्रोन दुनिया के कई देशों में फैलने लगा लगा है। भारत में भी ओमीक्रोन के मामले सामने आने लगे हैं। रविवार को भारत में ओमिक्रॉन के एक साथ 17 मामले सामने आये हैं। इनमें से 9 मरीज राजस्थान के जयपुर शहर से हैं। ये सभी एक परिवार के हैं। इनमें से 4 लोग 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से दुबई और मुंबई होते हुए जयपुर पहुंचे थे। इन चारों लोगों के संपर्क में आए परिवार के 5 अन्य लोगों में भी ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह परिवार राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में भर्ती है।

इससे पहले महाराष्ट्र में भी आज ओमिक्रॉन के 7 नए मामले मिले। पिंपरी चिंचवाड़ जिले में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 7 लोगों के सैंपल्स जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। इसमें कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई। इन सभी को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

वहीँ दिल्ली में भी एक मरीज कोरोना का नए वैरिएंट ओमीक्रोन से संक्रमित मिला है। मरीज ने तंजानिया से यात्रा की थी। उसे लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती रिपोर्ट में मरीज को ओमीक्रोन वेरिएंट के लिए पॉजिटिव पाया गया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि कुल 12 में से केवल एक की पुष्टि ओमीक्रोन वेरिएंट के लिए की गई है। कर्नाटक से ओमीक्रोन वेरिएंट के पहले दो मामले सामने आए थे। तीसरा और चौथा मामला शनिवार को क्रमश: गुजरात और महाराष्ट्र में मिला था। इस तरह देशभर में अब तक 21 लोग नए वैरिएंट ओमीक्रोन से संक्रमित हो चुके हैं।