pm-modi-yoga

ग्रेटर नोएडा : आज 21 जून को 5वां अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस भारत में ही नहीं अपितु दुनियाभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। वैसे तो आज के दिन पूरे देश में योगा मनाया जा रहा है परन्तु इस बार योग दिवस पर मुख्य आयोजन झारखंड की राजधानी रांची में हो रहा है, जहाँ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाग लेने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी योग कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गुरुवार रात को विशेष विमान से रांची पहुंचे। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा, ‘योग सबका है और सब योग के हैं। योग धर्म और जाति से ऊपर है। योग का पालन जीवनभर करना है। इसलिए योग को हर इंसान की जिंदगी का हिस्सा बनाने के लिए हमें निरंतर काम करना होगा।

इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली के इंडिया गेट में आयोजित योग कार्यक्रम में पहुंचकर योगाभ्यास किया, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरियाणा के रोहतक में योग कार्यक्रम में शामिल हुए। दिल्ली में आज योग दिवस पर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. लोग सुबह 5 बजे से ही बसों में भरकर इंडिया गेट पहुँच गए.

ग्रेटर नोएडा में भी धूमधाम से मनाया गया योग दिवस

5वें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में बड़े स्तर पर योगा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसको लेकर पिछले कई दिनों जिला प्रशासन व प्राधिकरण द्वारा तैयारी की जा रही थी। आज सुबह क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र सिंह के साथ शहर के सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास किया।

सीएम त्रिवेन्द्र रावत ने पैवेलियन ग्राउंड देहरादून में हजारों योग साधकों के साथ योगाभ्यास किया।

5वें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पैवेलियन ग्राउंड देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने हजारों योग साधकों के साथ योगाभ्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास हमें मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने में मददगार होता है। योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में लाना जरूरी है। योग को जन आन्दोलन बनाने के लिए आम आदमी की सहभागिता को जरूरी बताते हुए कहा कि योग की धारा देवभूमि उत्तराखण्ड से प्रवाहित हुई है।yoga-in-dehradun

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि योग भारतीय सभ्यता, संस्कृति तथा जीवन शैली का अभिन्न अंग रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्थक प्रयासों से योग को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलना भारत के लिए गर्व की बात है। योग की वजह से वैश्विक पटल पर भारत का विशिष्ट स्थान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में 21 जून को अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की अपील की थी। 193 देशों ने इसका समर्थन किया था। पतंजलि ने लिखा है जिस प्रकार व्याकरण से भाषा की शुद्धता होती है उसी प्रकार योग से चित्त शुद्ध होता है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर में योग का महत्व बढ़ा है। योग प्रशिक्षकों की मांग तेजी से बढ़ रही है।