hockey asia cup 2025 champions

Hockey Asia Cup 2025: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 का खिताब जीत लिया है। रविवार को बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर चौथी बार यह खिताब जीता। इस जीत के साथ भारत ने 2026 के वर्ल्ड कप में भी जगह बना ली। भारत ने 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को फाइनल हराकर आठ साल बाद एशिया कप की चैंपियन बनी है। इससे पहले भारत ने 2017 में मलेशिया को फाइनल हराकर आखिरी बार एशिया कप जीता था।

भारत ने शुरुआत से बनाया दबाव

मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और बढ़त हासिल की। भारत ने फाइनल मैच के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दाग दिया था। दूसरे क्वार्टर में फिर दिलप्रीत सिंह ने गोल दागा और भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने एक और गोल किया। चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और भारत को 4-0 से आगे कर दिया। साउथ कोरिया से सोन डायन ने इकलौता गोल किया।

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम ने मौजूदा चैंपियन कोरिया को पराजित कर न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। इससे पहले भारत ने 2003, 2007 और 2017 में भी खिताब जीता था। खास बात यह है कि 2007 और अब 2025 दोनों बार भारत ने कोरिया को हराकर खिताब जीता है। भारत 1982, 1985, 1989, 1994 और 2013 में उपविजेता (रनर-अप) रहा।