Navjot Sidhu resigns from Punjab Congress State President

पंजाब में एक बार फिर से सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के दिल्ली दौरे से कुछ समय पहले ही राज्य कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा दे दिया है। सिद्धू ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर चौंका दिया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा दिया। नवजोत सिंह सिद्धू ने सोनिया गांधी को भेजी अपनी चिट्ठी में कहा है कि किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व में गिरावट समझौते से शुरू होती है, मैं पंजाब के भविष्य को लेकर कोई समझौता नहीं कर सकता हूं। इसीलिए मैं पंजाब प्रदेश अध्यक्ष के पद से तुरंत इस्तीफा देता हूं। हालांकि सिद्धू ने यह स्पष्ट लिखा है कि वह कांग्रेस पार्टी में बने रहेंगे।

यहां आपको बता दें कि पंजाब कांग्रेस में मचा घमासान खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। इसकी वजह सिद्धू को माना गया। उन्होंने साफ-साफ कहा कि वो सिद्धू के साथ काम नहीं कर सकते। इस्तीफे के बाद कैप्टन ने सिद्धू ने लगातार हमले किए उन्हें देशविरोधी तक कहा। अमरिंदर ने कहा कि अगर कांग्रेस सिद्धू को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाती है तो वो इसका हर हद तक विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि वो सिद्धू के खिलाफ एक मजबूत उम्मीदवार खड़ा करेंगे, वह (सिद्धू) राज्य के लिए खतरनाक हैं। वहीं आज कैप्टन अमरिंदर सिंह के दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात होने जा रही है। सिद्धू का आज अचानक इस्तीफा देना अभी तक राजनीतिक विश्लेषकों को समझ में नहीं आया है। हालाँकि सिद्धू और हाल ही में सीएम बने चरणजीत सिंह चन्नी के बीच भी मतभेद की खबरें भी सुनाई दे रही थी।