Woman gave birth to four children: महाराष्ट्र के सातारा के कोरेगांव तालुका में एक महिला ने 13 सितंबर को अपने तीसरे प्रसव के दौरान चार बच्चों को एक साथ जन्म दिया। इनमें तीन बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं। यह कठिन प्रसव सर्जरी सातारा जिला सरकारी अस्पताल में की गई। चारों बच्चे और मां वर्तमान में स्वस्थ हैं, लेकिन बच्चों को वजन कम होने के कारण ICU में रखा गया है। इस मामले को देखकर खुद डॉक्टर भी हैरान रह गए। बताया गया कि महिला पहले भी जुड़वा बच्चों को जन्म दे चुकी है। अब उन्होंने एक साथ तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया। इस तरह महिला अब 7 बच्चों की मां बन गई है।
सात बच्चों को दे चुकी है जन्म
एक साथ चार बच्चों को जन्म देने वाली 27 वर्षीय महिला काजल मूल रूप से पुणे जिले की रहने वाली है और उसका परिवार काम के सिलसिले में कोरेगांव तालुका में रहता है। महिला के पति विकास राजमिस्त्री का करते हैं। काजल की इससे पहले दो डिलीवरी हो चुकी हैं। पहली डिलीवरी में उन्होंने जुड़वा बच्चों (एक लड़का और एक लड़की) को जन्म दिया था। फिर दूसरी डिलीवरी में उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया था। अब उन्होंने चार बच्चों को जन्म दिया। इस तरह तीन बार डिलीवरी में महिला अब तक 7 बच्चों को जन्म दे चुकी है।
चारों बच्चों को ICU में रखा गया वर्तमान में शिशु स्वस्थ
डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत सर्जरी की और महिला का प्रसव कराया। चूंकि चारों शिशुओं का वजन 1200 से 1600 ग्राम के बीच था, इसलिए उन्हें ICU में रखा गया। महिला को विशेष उपचार सेवाएं भी प्रदान की गईं। मां और नवजात शिशु वर्तमान में स्वस्थ हैं।
पहली बार हुआ दुर्लभ प्रसव
डॉक्टरों ने बताया कि जिला अस्पताल में ऐसा दुर्लभ प्रसव पहली बार हुआ है। महिला इससे पहले दो बच्चों को जन्म दे चुकी है। पहले प्रसव में उसके जुड़वां बच्चे हुए थे और दूसरे प्रसव में एक ही बच्चा हुआ था। अब तीसरे प्रसव में महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया है। हालाँकि “दुनिया भर में पहले भी ऐसे अद्भुत प्रसव हुए हैं। मोरक्को में एक महिला ने 9 बच्चों को और पाकिस्तान में 7 बच्चों को जन्म दिया। ऐसी दुर्लभ घटना हर पांच से सात लाख में एक बार होती है।
डॉक्टरों की सराहना
प्रसूति विभाग के डॉ सदाशिव देसाई, डॉ तुषार मसराम, एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ नीलम कदम, डॉ दीपाली राठौड़ ने अथक प्रयास किया। इसी के चलते यह कठिन प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके लिए डॉक्टरों की सराहना की जा रही है। कोरेगांव जिले के सतारा की एक गर्भवती महिला को शुक्रवार शाम सतारा जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां स्त्री रोग विभाग के विशेषज्ञों ने जब उसकी जांच की, तो पता चला कि उसके गर्भ में चार बच्चे हैं।