Towel-left-in-stomach-during-operation
symbolic image

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान प्रसूता के पेट में तौलिया ही छोड़ दिया। जिसकी वजह से इंफेक्शन होने से महिला की मौत हो गई। मृतक महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने दो डॉक्टरों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक गोला इलाके के परसिया गांव निवासी विजय बहादुर की पत्नी सोना देवी (23 वर्ष) को प्रसव पीड़ा होने पर बीते 5 अक्टूबर को परिजनों ने कौड़ीराम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहाँ 6 अक्टूबर को महिला ने ऑपरेशन से एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के तीन दिन बाद से ही महिला के पेट में तेज दर्द होने लगा. जिसके बाद घरवाले पीड़ित महिला को फिर से अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने गोरखपुर शहर में दिखाने की बात कहते हुए वापस भेज दिया। इसके बाद परिजन उसे गोरखपुर शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां अल्ट्रासाउंड में महिला के पेट में कुछ कपड़े जैसी चीज होने की पुष्टि हुई। गुरुवार को जब डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया तो महिला के पेट से एक तौलिया निकला जो बिलकुल सड़ चुका था। डॉक्टरों का कहना है कि तौलिए की वजह से महिला के पेट में इंफेक्शन हो गया था। इसी वजह से गुरुवार को उसकी मौत हो गई।

डॉक्टरों की लापरवाही से नाराज पीड़ित परिजनों ने अस्पताल के सामने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। थाने पर सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीँ महिला के पति ने दो डॉक्टरों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर के आधार पर दो डॉक्टरों के खिलाफ 304-A के तहत गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।