नोएडा: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे गंगाघाट के पास सड़क किनारे सो रहे तीर्थयात्रियो को एक तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 3 बच्चों और 4 महिलाओं सहित कुल 7 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक सभी श्रद्धालु वैष्णो देवी से दर्शन करने के बाद गंगा स्नान के लिए हाथरस से नरौरा घाट पर सड़क किनारे सो रहे थे. तभी ये घटना हो गई। सातों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हादसे में मारे गए लोगों में से 3 हाथरस के, 2 अलीगढ़ और 2 लोग फिरोजाबाद के रहने वाले थे। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये का मुआवाज देने का ऐलान किया है। तथा इस घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।