नई दिल्ली: कोरोना वायरस (COVID-19) दुनियाभर में इंसानों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस को आधिकारिक तौर पर महामारी घोषित कर दिया है। कोरोना की शुरुआत दिसंबर, 2019 में चीन के वुहान शहर से हुई। अब तक दुनियाभर में कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 4,300 तक जा पहुंचा है। वहीं 1,21,000 से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
भारत में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा लगातार बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। अब कोरोना से जुड़ी भ्रामक जानकारी दूर करने और लोगों को शिक्षित करने के लिए वॉट्सऐप नंबर जारी किया गया है। लोगों को इस वायरस के बारे में सही जानकारी देने के लिए आर्टिफिशल इंटेलिजेंस कंपनी हैप्टिक ने चैटबॉट की सुविधा दी है। चैटबॉट के वॉट्सऐप स्टेटस पर लिखा है, ‘नॉवल कोरोना वायरस से जुड़े मिथ और बेसिक हाइजीन के बारे में चैटबॉट जानकारी देगा, इसे हैप्टिक ने बनाया है’।
चैटबॉट को इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को 9321298773 नंबर पर मेसेज करना होगा। इस नंबर पर मेसेज कर सभी सवालों के जवाब मिल जाएंगे। जिस बेसिक जानकारी को चैट बॉट ऑफर कर रहा है, उनमें बेसिक हाइजीन स्टैंडर्ड, कोरोना वायरस के आम लक्षण और इसके बारे में मिथ शामिल हैं।



