Wall Collapsed in Noida sector 21

Wall Collapsed in Noida sector 21: नोएडा के सेक्टर 21 में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहाँ सेक्टर-21 जलवायु विहार सोसाइटी की निर्माणाधीन दीवार गिर गई है। इस हादसे में चार मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि नोएडा अथॉरिटी की ओर से यहां नाले की सफाई का काम किया जा रहा था। इस दौरान मजदूर जब दीवार की ईंटों को हटा रहे थे, तभी पूरी दीवार भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के वक्त वहां पर 12 मजदूर काम कर रहे थे। बाउंड्री वाल गिरते ही चीख-पुकार मच गई। सेक्टर के लोग भी वहां जमा हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। मलबे को मशीनों और हाथों से हटाकर रेस्क्यू का काम किया जा रहा है।

कई घायल मजदूरों को नोएडा के सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल और कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक करीब 6 मरीजों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि 4 मजदूरों की मौत हो गयी है।Wall Collapsed in Noida sector 21

जो दीवार गिरी है वह नाले से सटी हुई थी और बीते दो दिनों से नाले की सफाई का काम किया जा रहा था। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि यह दीवार जलवायु विहार आवासी समिति ने 25 साल पहले बनाई थी, लेकिन इसका रखरखाव नहीं किया जा रहा था। ऐसे में दीवार की नींव कमजोर हो गई थी और नाली के सफाई के दौरान यह अचानक भरभरा कर गिर गई।

नोएडा में दीवार गिरने से हुए हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए का मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया है। वहीं डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

नोएडा प्राधिकरण की CEO रितु माहेश्वरी ने नोएडा सेक्टर-21 में दीवार गिरने के मामले में पुष्टि की है कि ठेकेदार द्वारा प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए का मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

हादसे में घायल मजदूर

  • पंकज पुत्र सोमवीर सिंह निवासी गांव बिचोला थाना मुजरिया बदायूं
  • संजीव पुत्र भगवान सिंह निवासी उपरोक्त
  • नन्हे पुत्र उरवान सिंह निवासी उपरोक्त
  • विनोद पुत्र राम सिंह निवासी उपरोक्त
  • दीपक पुत्र नरेश निवासी उपरोक्त
  • ऋषि पाल पुत्र ज्ञान सिंह निवासी गांव सॉन्ग थाना जरीफनगर संभल
  • जोगेंद्र पुत्र राजपाल निवासी बमोरी थाना सहसवान बदायूं
  • पप्पू पुत्र नेम सिंह निवासी गांव बिचोला थाना मुजरिया

मृतकों के नाम

  1. पुष्पेंद्र यादव पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव बिचोला थाना मुजरिया
  2. पन्नालाल यादव पुत्र झंडू यादव 89 निवासी गांव विचोला थाना मुजरिया
  3. अमित यादव पुत्र धनपाल यादव निवासी गांव विचोला थाना मुजरिया बदायूं
  4. धर्म वीर पुत्र रामनिवास निवासी गांव सॉन्ग थाना जरीफनगर जिला संभल