नोएडा : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को नोएडा में पार्टी प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के लिए डोर टू डोर कैम्पेन कर वोट मांगे। प्रियंका गांधी वाद्रा ने नोएडा के सेक्टर 26 स्थित काली मंदिर में काली मां के दर्शन कर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। उसके बाद उन्होंने सेक्टर 8 में घर-घर जाकर लोगों से पार्टी प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के लिए वोट और समर्थन माँगा। इस दौरान उन्होंने आशा,आंगनबाड़ी,उद्योगों से जुड़े लोग,फ्लैट बायर एसोसिएशन,किसान, महिलाओं,स्टार्टअप से जुड़ी महिलाओं से जनसंवाद किया।
उसके बाद कांग्रेस महासचिव करीब साढ़े 4 बजे नोएडा के सेक्टर 12 स्थित ओ ब्लॉक मार्केट पहुंची। जहाँ पीएस रावत, अनिल पंत, प्रेमा धोनी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा बीजेपी पर जाति एवं धर्म के आधार पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज नौकरियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा के बारे में बात करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 40 फीसदी टिकट महिलाओं को दिया है।
प्रियंका गांधी ने वर्तमान विधायक व भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंकज सिंह नोएडा में कभी दिखाई नहीं देते हैं। जबकि पंखुड़ी पाठक नोएडा की बेटी हैं, वह यहीं रहती हैं। उन्होंने कहा अगर क्षेत्र की महिलाओं का विकास करना है तो पंखुड़ी पाठक को विजयी बनाना होगा।