block leven winter games kaljikhal

Pauri News: विकासखंड कल्जीखाल के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज कांसखेत के खेल मैदान में दो दिवसीय शरद/शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख द्वारीखाल महेन्द्र राणा एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने किया। इस अवसर पर विकास खंड समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण कर  दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम के सुखद सम्पन्न होने की प्रार्थना की। छात्र-छात्राओं ने मंगल गायन के साथ मां सरस्वती का स्वागत गान किया। मुख्य अतिथि महेन्द्र राणा ब्लाक प्रमुख द्वारीखाल द्वारा मार्च पास्ट की सलामी ली गई।

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज कांसखेत में पहुंचने पर वाद्ययंत्रों द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों व खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य व अन्य शिक्षक स्कूल के बच्चों द्वारा माल्यार्पण व पुष्पगुच्छ भेंट कर राणा का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के संयोजक खंड शिक्षाधिकारी संजय कुमार ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी और कार्यक्रम का सफल संचालन करने हेतु निर्देशित किया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह राणा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल मात्र मनोरंजन का साधन नहीं है, खेलों में रुचि रखने वाले बच्चे आगे चलकर इसी में अपना अच्छा भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। खेल हमारे शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक होता है। प्रतिभावान खिलाड़ियों की दृष्टि से यह क्षेत्र समृद्ध रहा है। इसमें अलग अलग स्तर पर अनेक खिलाड़ियों को जन्म दिया है। खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा उनके प्रोत्साहन हेतु सरकार द्वारा महत्वपूर्ण प्रयास से उदयीमान खिलाड़ी योजना से लाभान्वित होते हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों के अधीनस्थ भर्ती प्रक्रिया में 4 प्रतिशत का आरक्षण भी दिया जाता है। यदि कोई छात्र प्रतियोगिता में सफल नहीं होता है, तो उनको निराशाजनक नहीं होना है, बल्कि और अच्छे प्रयास से सफल होने की ठानना है।

क्रीड़ा प्रतियोगिता में 50 मीटर की दौड़ में प्राथमिक स्तर पर प्रथम स्थान पर रौनक पीएस अगरोडा़ जबकि 100 व 200 मीटर की दौड़ में नक्षद्वीप स्कूल गिदरासू प्रथम स्थान पर रहे। वहीँ सब जूनियर स्तर पर 100 मीटर की दौड़ बालक वर्ग में प्रथम स्थान पर आर्यन जीपीएस कल्जीखाल, द्वितीय स्थान पर मंयक जीपीएस बड़कोट तथा तृतीय स्थान पर रोहित जीपीएस सीरौं रहे। 200 मीटर दौड़ में रोहित, 400 मीटर दौड़ में अनंत पटवाल प्रथम स्थान पर रहे।

बालिका वर्ग में प्राथमिक स्तर 50 मीटर की दौड़ में कु पलक, 100 मीटर की दौड़ में अर्चना तथा 200 मीटर की दौड़ में इशिता प्रथम स्थान पर रही। सब जूनियर स्तर की 100 और 400 मीटर की दौड़ में सृष्टि जीपीएस डुंक, द्वितीय राधिका जीपीएस सुतारगांव, तृतीया अरोशी जीपीएस किमोली रही। 200 मी की दौड़ स्वेता प्रथम स्थान रही। सुलेख हिंदी में कु इशिता, अंग्रेजी और मानचित्र प्रतियोगिता में प्रेरणा नेगी प्रथम स्थान रही।

कार्यक्रम में प्रशासनिक स्तर से खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार, प्रधानाचार्य राकेश प्रजापति, प्रेम प्रकाश कुकरेती, जिला उपाध्यक्ष जूनियर संगठन पौड़ी मनोज जुगराण, जिलाध्यक्ष प्राथमिक संघ पौड़ी, अनिल कुमार भट्ट पूर्व खेल समन्वयक, सुभाष चन्द्र खेल समन्वयक कल्जीखाल, विपिन भट्ट और जनप्रतिनिधियों में कनिष्ठ प्रमुख अर्जुन पटवाल, पूर्व कनिष्ठ उपप्रमुख दरवान सिंह नेगी, संतोष चंदोला, दीपक असवाल, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष रमेश चंद्र शाह, नवीन कुमार, अशोक रावत, संतोष बिष्ट, जसबीर सिंह, जसपाल सिंह, अभिषेक नेगी सहित आदि लोगों की मौजूदगी रही।