India-West Indies 1st Test: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर रहे सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने विदेशी धरती पर शतक ठोककर इतिहास रच दिया है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच डोमिनिका में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारत के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल ने 215 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। वह भारत के बाहर डेब्यू मैच में बतौर ओपनर शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। 21 साल के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की और डॉमिनिका में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन दोहरी शतकीय साझेदारी की। उनका इस शतक के साथ एक खास लिस्ट में नाम जुड़ गया।
यशस्वी जायसवाल से पहले डेब्यू मैच में बतौर ओपनर शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ने शतक लगाया है। हालांकि बतौर ओपनर इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने घर में शतक लगाया था, जबकि यशस्वी जायसवाल विदेशी सरजमीं पर डेब्यू मैच में शतक जड़ने वाले पहले सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। यशस्वी जायसवाल ने 215 गेंद में 11 चौके लगाकर 100 रन पूरे किए। शिखर धवन ने बतौर सलामी बल्लेबाज 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 187 रन की पारी खेली थी। वहीं पृथ्वी शॉ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2018 में 134 रन की पारी खेली थी
भारत से बाहर जाकर अपने डेब्यू मैच में शतक लगाना बहुत कम भारतीय खिलाड़ियों ने किया है। अब उस लिस्ट में यशस्वी जायसवाल का भी नाम जुड़ गया। जायसवाल से पहले यह कारनामा सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, सुरेश रैना, अब्बास अली बेग, प्रवीण आमरे और सुरिंदर अमरनाथ ने किया है। जायसवाल अब ऐसा करने वाले सातवें खिलाड़ी बन गए हैं।
दूसरे दिन का खेल अभी जारी है। अब तक टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 250 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा 103 तथा शुबमन गिल 6 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जबकि यशस्वी जायसवाल121 तथा विराट कोहली 6 रन पर खेल रहे हैं।
इससे पहले वेस्टइंडीज की पूरी टीम मात्र 150 पर सिमट गई थी।



