Indian hockey team won medal in Olympics after 41 years

Tokyo Olympics 2020: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर इतिहास लिया है। इसके साथ ही भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने करीब 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीतकर चार दशक से चले आ रहे ओलंपिक पदक के सूखे को खत्म कर दिया है। जर्मनी के खिलाफ मुकाबले में 1-3 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की और 5-4 से मुकाबला अपने नाम किया। भारत की तरफ से सिमरनजीत सिंह ने 2 जबकि रुपिंदर, हार्दिक और हरमनप्रीत ने 1-1 गोल दागे।

जर्मनी और भारतीय हॉकी टीम के बीच कांस्य पदक के लिए खेले गए मैच में जर्मनी को 5-4 से हराने के बाद जालंधर के 29 साल के मनप्रीत के पास अपनी भावनाओं को जाहिर करने के लिए शब्द नहीं थे। यह भारत का ओलंपिक में 12वां पदक है लेकिन यह उसे चार दशक से अधिक के इंतजार के बाद मिला।

इससे पहले भारत ने आखिरी बार 1980 में मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था और इसके बाद से आज 41 साल बाद भारतीय हॉकी टीम पदक जीतने में सफल रही है। ओलंपिक इतिहास में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का यह तीसरा कांस्य पदक है। इससे पहले भारत ने 1968 और 1972 में कांस्य पदक जीता था। भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में अब तक आठ स्वर्ण, एक रजत तथा तीन कांस्य सहित कुल 12 पदक जीते हैं।

भारतीय हॉकी टीम की शानदार जीत पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बधाई देते हुए ट्वीट किया, ”41 साल बाद ओलंपिक में पदक जीतने वाली हमारी पुरूष हॉकी टीम को बधाई। इस टीम ने बेहतरीन कौशल और दृढ निश्चय का प्रदर्शन किया। इस जीत से देश में हॉकी के एक नए युग का उदय होगा और युवाओं को हॉकी खेलने तथा उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय हॉकी टीम की शानदार जीत पर कहा कि भारतीयों को यह दिन हमेशा याद रहेगा। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ”ऐतिहासिक। यह दिन हर भारतीय की स्मृतियों में हमेशा रहेगा। कांस्य पदक जीतने के लिये हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इससे उन्होंने पूरे देश को, खासकर युवाओं को रोमांचित किया है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।”

भारतीय टीम की इस जीत पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जर्मन टीम को हराकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता है और इतिहास रचा है। टीम के सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन और अविस्मरणीय जीत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। समस्त देशवासियों को आप सभी पर गर्व है।