Asian Games 2023: एशियन गेम्स 2023 में भारत का सफर खत्म हो चुका है। भारत ने 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक समेत कुल 107 पदक जीतकर अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर है। भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2018 में था, जब भारत को 70 पदक मिले थे। इस बार भारत ने पहली बार 100 का आंकड़ा पार किया।

भारत के कुल पदक

स्वर्णः 28

रजतः 38

कांस्यः 41

कुलः 107

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियाड में पहला स्वर्ण जीता

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम पहली बार एशियाड में हिस्सा लेने उतरी थी। उसने पहली बार में ही इतिहास रच दिया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। शनिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबला बारिश के कारण धुल गया। आईसीसी रैंकिंग के आधार पर टीम इंडिया को चैंपियन घोषित किया गया। टी20 रैंकिंग में भारत पहले स्थान पर है। वहीं, अफगानिस्तान 10वें पायदान पर है। भारतीय पुरुष टीम को पहली बार एशियाई खेलों में स्वर्ण मिला है। वहीं, अफगानिस्तान को लगातार तीसरा रजत मिला है। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर कांस्य पर कब्जा किया। इससे पहले 2010 में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान और 2014 में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को हराकर स्वर्ण जीता था। अफगानिस्तान की टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची और उसे तीसरे रजत पदक से संतोष करना पड़ा है।

कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड

क्रिकेट के बाद कबड्डी में भी भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत ने विवादों से भरे फाइनल मैच में ईरान को हराया है। भारत ने यह मैच 33-29 से अपने नाम किया।