manu bhakar shooter peris Olympic

Manu Bhaker win Paris Olympics Medal: भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने ओलंपिक में इतिहास रच दिया है। पेरिस ओलंपिक में आज दूसरे दिन भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। मनु भाकर शूटिंग में ओलंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी गई हैं। 22 साल की मनु भाकर ने पेरिस में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। इसके साथ ही मनु ने शूटिंग में 12 साल का ओलंपिक सूखा भी खत्म किया है।

भारतीय निशानेबाज मनु भाकर के लिए 2021 का टोक्यो ओलंपिक दिल तोड़ने वाला पल था। क्वालीफिकेशन के दौरान एक खराब पिस्तौल के कारण वह रोने लगीं और उनका ओलंपिक सपना टूट गया। लेकिन अब तीन साल बाद ये सपना पूरा हुआ है। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में मेडल जीतकर अपनी छाप छोड़ दी है।

हरियाणा के झज्जर की 22 साल की खिलाड़ी मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालीफिकेशन में शानदार प्रदर्शन किया। 580 के स्कोर के साथ, मनु भाकर ने तीसरा स्थान हासिल किया।

Paris Olympics Nikhat Zareen Boxing: निकहत जरीन का धमाकेदार आगाज

देश की स्टार महिला मुक्केबाज निकहत जरीन ने पेरिस ओलंपिक में शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है। निकहत पहली बार ओलंपिक में खेल रही हैं। उन्होंने राउंड ऑफ 32 मुकाबले में विपक्षी को 5-0 से धूल चटाई। वर्ल्ड चैंपियन निकहत ने 50 किग्रा कैटेगरी में जर्मनी की बॉक्सर मैक्सी क्लोएटजर को एकतरफा अंदाज में हराया।

इस जीत से निकहत जरीन प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। दो बार की वर्ल्ड चैंपियन निकहत जरीन 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड और 2022 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। वह 2022 और 2023 में वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी हैं। निकहत जरीन पेरिस ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के दावेदारों में शामिल हैं।

निकहत का प्री क्वार्टर में चीनी खिलाड़ी से होगा सामना

निकहत के सामने गुरुवार को खेल जाने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल में एशियाई खेलों और मौजूदा फ्लाईवेट विश्व चैंपियन चीन की वू यू  की चुनौती होगी। शीर्ष वरीयता प्राप्त  वू यू को पहले दौर में बाई मिली है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मनु को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, ऐतिहासिक पदक! पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला दिलाने के लिए मनु भाकर को बधाई। यह कांस्य पदक और सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि मनु निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है।

राष्ट्रपति ने मनु भाकर को दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मनु भाकर को बधाई देते हुए कहा- पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ भारत की पदक तालिका खोलने के लिए मनु भाकर को हार्दिक बधाई। वह शूटिंग प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनका यह कारनामा कई खिलाड़ियों, खासकर महिलाओं को प्रेरित करने वाला है। मैं कामना करती हूं कि वह भविष्य में उपलब्धियों की और अधिक ऊंचाइयां छूए।